मालवाड़ा। मालवाड़ा निवासी सेठ चुन्नीलाल प्रताप चंद हिराणी की पाँचवी पूण्य स्मृति के अवसर पर, मालवाड़ा में एक विशाल नि:शुल्क नेत्र रोग जाँच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें कुल 457 रोगियों की आँखों की अत्याधुनिक मशीनों से जाँच की गई।
यह विशाल शिविर श्री आदिनाथ फतेह ग्लोबल आई हॉस्पिटल (आबूरोड), जिला अंधता निवारण समिति जालोर, जागृत संस्था मुम्बई, और शिव सांई सेवा समिति रानीवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

अतिथियों ने किया शिविर का शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा वाघेला, ठाकुर गजेंद्र सिंह देवल, मंजूला बेन हिराणी, दीक्षित हिराणी, प्रागाराम पुरोहित (डूंगरी), डॉ. श्रवण विश्नोई, निरंजना जैन, गीता गोदानी, प्रवीण सिंदल और किसान नेता सोमाराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य में फीता काटकर और चुन्नीलाल हिराणी की तस्वीर के आगे दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शिविर में 457 रोगियों को मिला परामर्श
शिव सांई सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश कुमार खण्डेलवाल ने सर्कल न्यूज़ नेटवर्क को बताया कि ग्लोबल आई हॉस्पिटल नेत्र संस्थान आबूरोड की विशेषज्ञ टीम ने डॉ. नेहा वाघेला के नेतृत्व में 457 नेत्र रोगियों की अति आधुनिक तरीके से जाँच की। इस टीम में प्रवीण सिंदल, विष्णु जीनगर, मेघा गोस्वामी, पिन्टू मेघवाल, विजया बेन और हेमंत प्रजापत जैसे अनुभवी सदस्य शामिल थे। टीम ने रोगियों को उचित परामर्श दिया और निदान किया, साथ ही जरूरतमंद रोगियों को निःशुल्क आई ड्रॉप वितरित किए गए।

मोतियाबिंद के ऑपरेशन निःशुल्क
शिविर के दौरान, मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए जरूरतमंद रोगियों को चिह्नित किया गया। इन सभी रोगियों को निःशुल्क ग्लोबल आई हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ बिना चीरा लगाए अत्याधुनिक फेको पद्धति से उनके मोतियाबिंद के ऑपरेशन निःशुल्क किए जाएँगे। इन रोगियों के लिए मालवाड़ा से अस्पताल तक ले जाने और वापस लाने की निःशुल्क आवागमन व्यवस्था भी की गई है।
मानव सेवा के कार्य जारी
शिव सांई सेवा समिति रानीवाड़ा के अध्यक्ष मुकेश कुमार खण्डेलवाल ने बताया कि सेठ चुन्नीलाल हिराणी की पूण्य स्मृति में हिराणी परिवार द्वारा हर वर्ष विभिन्न रचनात्मक मानव सेवा कार्य किए जाते हैं। जागृत संस्था मुम्बई के अध्यक्ष नरेंद्र हिराणी ने शिविर में सेवा देने वाली पूरी टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर दिनेश जोशी, लक्ष्मीचंद्र जीनगर, योगेश जीनगर, डिम्पल खण्डेलवाल, निधी खण्डेलवाल, मुकेश बैरवा, मुकेश जोशी, प्रकाश मेघवाल, खेतदान चारण, जबरगिरी गोस्वामी सहित कई समाज सेवी कार्यकर्ता उपस्थित रहे और हर्षोल्लास के साथ यह शिविर सम्पन्न हुआ।



