ड्राइवर पर नशे में गाडी चलाने का आरोप; स्टीयरिंग छोड** पान मसाला मिलाते वक्त हुआ हादसा**
जालोर। राजस्थान के जालोर जिले में रविवार देर रात नेशनल हाईवे-325 पर एक दिल दहला देने वाला सडक हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस के पलटने से दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, ऐसे में अचानक हुए इस भीषण हादसे ने चीख-पुकार मचा दी।
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे आहोर थाना क्षेत्र में गवरी गांव और गुडा बालोतान के बीच हुई। पुलिस के अनुसार, टीआर जाणी ट्रेवल्स की निजी स्लीपर बस सांचौर से करौली के लिए रवाना हुई थी, जो जालोर और आहोर होते हुए जयपुर जाने वाली थी। बस तेज रफ्तार में थी और अचानक सडक किनारे नीम के पेड से टकरा गई। टक्कर के बाद बस पलट गई।
यात्रियों का गंभीर आरोप है कि ड्राइवर नशे में था और ड्राइविंग के दौरान स्टीयरिंग छोडकर पान मसाला मिला रहा था। इसी लापरवाही के कारण बस बेकाबू हुई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
दंपती की रूह कंपा देने वाली मौत
हादसे में सांचौर के लियादरा गांव निवासी फगलूराम (75) पुत्र हेमाराम बिश्नोई और उनकी पत्नी हाऊ देवी (65) की मौके पर ही मौत हो गई। मंजर इतना खौफनाक था कि फगलूराम का पैर कटकर अलग हो गया, जबकि हाऊ देवी का सिर धड से अलग हो गया। दोनों शव बस के नीचे बुरी तरह दबे मिले। यह दंपती अपने बेटे के परिवार से मिलने अजमेर जा रहा था। वहीं, इलाज के दौरान भरतपुर निवासी अमृतलाल पुत्र खिलाड़ीलाल ने जालोर के जनरल हॉस्पिटल में दम तोड दिया।
शीशे तोडकर बचाई जान
हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों ने शीशे तोडकर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सांचौर से जयपुर जा रहे हरी गुर्जर ने बताया कि वे सो रहे थे, तभी तेज झटका लगा और बस पलट गई। हर तरफ चीख-पुकार मच गई।
घायलों की सूची
इस हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें आहोर और जालोर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है:
- प्रवीण कुमार (सांचौर)
- मन बिश्नोई (सांचौर)
- भावना, पूजा (बांसवाडा)
- हरीश (दौसा)
- कुलदीप, संदीप (सांचौर)
- पवन (अलवर)
- हर्षन पुरी (मेडाबागोडा)
- दिलीप (सांचौर)
प्रशासनिक कार्रवाई और सवाल
आहोर SHO करण सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बस को सीधा करने के लिए तीन क्रेनों की मदद ली गई। इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे कनेक्टिविटी के अभाव और बसों की ओवरस्पीड पर सवाल खडे कर दिए हैं। पुलिस अब ड्राइवर की लापरवाही और नशे के आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां