अहमदाबाद का युवक रानीवाड़ा में महिला को दे रहा था अपहरण की धमकी, पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
रानीवाड़ा (जालोर):
आधुनिक तकनीक और त्वरित पुलिस रिस्पांस का बेजोड़ उदाहरण आज रानीवाड़ा में देखने को मिला। राजस्थान पुलिस का 'अभय कमांड सेंटर' आज संकट के समय महिलाओं के लिए सच्चा मददगार साबित हुआ। जब तकनीक और फील्ड यूनिट्स का तालमेल सटीक हो, तो अपराधी के मंसूबे धरे के धरे रह जाते हैं। आज की यह सफल कार्यवाही इसी सजगता का परिणाम है।
घटना का विवरण: आज दिनांक 13.03.2026 को रानीवाड़ा कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक संदिग्ध युवक एक महिला को डरा-धमका कर उसका अपहरण करने की फिराक में घूम रहा था। पीड़िता ने बिना घबराए तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
अभय कमांड की उपयोगिता: जैसे ही पीड़िता की कॉल अभय कमांड सेंटर जालोर पहुंची, वहां मौजूद टीम ने बिना समय गंवाए सूचना को पुलिस थाना रानीवाड़ा तक फ्लैश किया। अभय कमांड की इसी त्वरित सूचना प्रणाली के कारण कस्बे में गश्त कर रही कालिका पेट्रोलिंग टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेरे में ले लिया।
कार्यवाही और गिरफ्तारी: थानाधिकारी पुलिस थाना रानीवाड़ा के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और 112 वाहन के जाब्ते ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने आकाश भाई उर्फ सन्नी (पुत्र श्री दलपतभाई, उम्र 26 वर्ष, निवासी नरोड़ा, अहमदाबाद) को संदिग्ध परिस्थितियों में अपराध करने की फिराक में पाया। शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराध को रोकने के लिए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
सराहनीय टीम: इस त्वरित कार्यवाही में इन जांबाज पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही:
- श्री पूनमाराम (हैड कानि., पुलिस थाना रानीवाड़ा)
- श्रीमति कमला (महिला कानि., कालिका पेट्रोलिंग)
- श्रीमति पालू (महिला कानि., कालिका पेट्रोलिंग)
- श्रीमति ममता (महिला कानि., कालिका पेट्रोलिंग)
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट लगातार महिलाओं और स्कूली छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है, जिससे क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बन रहा है।
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क के लिए रानीवाड़ा से गुमान सिंह राव की रिपोर्ट।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां