बाड़मेर/चौहटन। पश्चिमी राजस्थान के रेतीले धोरों के बीच नशे का काला कारोबार फैलाने की तस्करों की साजिश को ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने नाकाम कर दिया है। चौहटन थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव में एक सुनसान टीन शेड के कमरे में चल रही सिंथेटिक नशे (MD) की अवैध लैब पर पुलिस ने ‘वज्र प्रहार’ करते हुए बड़ी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त किए हैं।
विकास कुमार (IG, ATS एवं ANTF) ने बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में ‘ऑपरेशन मक्षिकापात’ के तहत की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से एक आरोपी को दस्तयाब किया है।
खीर पकने से पहले बिखेर दिया रायता
तस्करों ने रेगिस्तान के बीचों-बीच देशी जुगाड़ से एमडी ड्रग बनाने की पूरी तैयारी कर ली थी। पकड़े गए माल से करीब 18 करोड़ रुपये मूल्य की 60 हजार खुराक तैयार की जा सकती थी। आरोपी करीब 15 दिन में इस खेप को तैयार कर बाजार में खपाने वाले थे, लेकिन विकास कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने ‘जहर की फैक्ट्री’ से उत्पादन शुरू होने से पहले ही उसे नेस्तनाबूत कर दिया।

आरोपी का प्रोफाइल: लोको पायलट की तैयारी से ड्रग तस्करी तक
पुलिस ने मौके से भगाराम (26) पुत्र रिजूलाल, जाति भील (निवासी रोड़ियों का तला, बावड़ी कला, चौहटन) को गिरफ्तार किया है।
- आईटीआई और तैयारी: आरोपी 10वीं के बाद आईटीआई कर लोको पायलट बनने की तैयारी कर रहा था।
- तस्करी का जाल: एक शादी समारोह में शराब तस्कर बाबूलाल से मुलाकात ने उसकी जिंदगी बदल दी। हरियाणा से गुजरात अवैध शराब तस्करी के दौरान वह कई बार जेल गया।
- फरारी और एमडी लैब: गुजरात पुलिस के दबाव के चलते वह फरार था। आर्थिक तंगी के कारण उसने पत्नी के गहने तक बेच दिए। बाद में पुराने साथी करीम से 50 हजार उधार लेकर एमडी बनाने का यूनिट लगाया।
जब्त सामग्री का विवरण
छापेमारी के दौरान परिसर से भारी मात्रा में खतरनाक केमिकल बरामद हुए हैं:
- एमएसएल (मिथाईल सल्फो मीथेन): 01 जरीकेन
- सफेद टोलविन: 02 जरीकेन (7 लीटर)
- एचसीएल (हाईड्रोक्लोराइड): 10 जरीकेन (55 लीटर)
- कास्टिक सोडा: 91 पैकेट
रेत के धोरों में नशे का जाल
विकास कुमार ने जानकारी दी कि जालोर, बाड़मेर और जैसलमेर जैसे सीमावर्ती जिलों में अब तस्कर बाहर से ड्रग्स मंगवाने के बजाय स्थानीय स्तर पर लैब स्थापित कर रहे हैं। इस कार्रवाई में ANTF मुख्यालय जयपुर, बाड़मेर चौकी और चौहटन पुलिस की विशेष भूमिका रही। विकास कुमार ने घोषणा की है कि इस टीम को जयपुर मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।
अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराधी या नशे से जुड़ी सूचना ANTF कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर साझा करें।



