सांचौर (जालौर)। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है, जिसके चलते अब डोडा तस्कर घर के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं। सांचौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 75 वर्षीय बुजुर्ग तस्कर को उसके घर के पास से डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू और सहायक पुलिस अधीक्षक काबंले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत, 20 अगस्त 2025 को पुलिस थाना सांचौर के उप-निरीक्षक अमृतलाल मय जाब्ता गश्त पर थे। इसी दौरान, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि राजीव नगर पुर में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बेच रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राजीव नगर पुर में मुलजिम भाखराराम पुत्र जोधाराम विश्नोई (उम्र 75 साल) के घर के पास से उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 481 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही डोडा पोस्त जब्त कर मुलजिम को गिरफ्तार कर लिया।
भाखराराम के खिलाफ पुलिस थाना सांचौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 393/2025 दर्ज किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि तस्कर चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, पुलिस उनकी एक-एक की शिनाख्त कर उन्हें कानून के शिकंजे में कस रही है। इस कार्रवाई में उप-निरीक्षक अमृतलाल के साथ सहायक उप-निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल गोगाराम, मांगीलाल और जयंतीलाल की टीम शामिल थी।



