25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए, नोटिस जारी करने के बदले मांगी थी एक लाख की घूस
जालोर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जालोर जिले के आहोर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के रीडर समेत तीन लोगों को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर गुरुवार को की गई। आरोपियों में रीडर वीरेंद्र कुमार नाग, कार्यालय में कार्यरत होमगार्ड जगदीश सिंह और एक निजी व्यक्ति दिनेश शामिल हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी को एक परिवादी से शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि आहोर एसडीएम कार्यालय में विचाराधीन एक अपील में विपक्षीगण को नोटिस जारी करने के बदले रीडर वीरेंद्र कुमार नाग, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, एक लाख रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान कर रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद जोधपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में एसीबी चौकी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान वीरेंद्र कुमार नाग ने परिवादी से 25,000 रुपये लिए और उसे होमगार्ड जगदीश सिंह को दे दिया। जगदीश सिंह ने यह राशि कार्यालय के बाहर नाश्ता कैबिन चलाने वाले दिनेश कुमार को सौंप दी। एसीबी ने तीनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
आरोपियों से फिलहाल पूछताछ जारी है और एसीबी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां