रानीवाड़ा पुलिस ने “ऑपरेशन मदमस्त” के तहत अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हुंडई क्रेटा कार से 66 कार्टून राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान तस्करों ने पुलिस नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते वाहन जब्त कर लिया गया।
कैसे हुआ खुलासा?
दिनांक 25 अप्रैल 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भीनमाल की तरफ से तेज़ गति से एक हुंडई क्रेटा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर GJ06KH1792) आ रही है। रानीवाड़ा पुलिस ने बड़गांव तिराया पर नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ाकर वाहन भगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोका पुलिस ने सरकारी वाहन से पीछा किया और रानीवाड़ा खुर्द चौराया के पास घेराबंदी कर दी। वाहन का पिछला दाहिना टायर फट जाने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई। वाहन में सवार दो अज्ञात व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में भाग निकले।
शराब तस्करी का खुलासा पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर 66 कार्टून राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वाहन चालक के पास शराब परिवहन का कोई वैध अनुज्ञापत्र या परमिट नहीं मिला, जिससे यह अवैध तस्करी का मामला पाया गया।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 के तहत मुकदमा नंबर 96 दर्ज किया गया है। अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पुलिस की इस कार्रवाई में थानाधिकारी दीपसिंह चौहान, हैडकॉन्स्टेबल पदमसिंह, कानि. रामनिवास, ओमप्रकाश, कालूराम, बुद्धाराम सहित पुलिस दल शामिल था।
रानीवाड़ा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए “ऑपरेशन मदमस्त” के तहत लगातार अभियान चला रखा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



