2 साल बेमिसाल: 'बदलता राजस्थान-बढता राजस्थान' के तहत 26 दिसंबर तक होगा प्रचार; सडक सुरक्षा के लिए ऑटो रैली निकालकर दी शपथ
जालोर | राज्य सरकार के 2 साल पूरे होने पर जालोर जिले में विकास और विश्वास का उत्सव शुरू हो गया है। 'बदलता राजस्थान-बढता राजस्थान' अभियान के तहत शनिवार को जिला प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई और विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर से 5 हाईटेक 'विकास रथों' (LED वैन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ 26 दिसंबर तक जिले की हर विधानसभा में घूमकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगे।
पेपर लीक पर नकेल, युवाओं को रोजगार: विश्नोई रवानगी के मौके पर प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बीते 2 साल में अभूतपूर्व काम हुए हैं। सरकार ने पेपर लीक माफिया की कमर तोड दी है और युवाओं के लिए कैलेंडर बनाकर परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 'राइजिंग राजस्थान' और 'प्रवासी राजस्थान' जैसे विजन से प्रदेश विकसित बनने की राह पर दौड रहा है। ये रथ किसानों, महिलाओं और युवाओं तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएंगे।

सडक सुरक्षा: ऑटो रैली से शहर में जगाई अलख विकास रथों के बाद नगर परिषद परिसर से सडक सुरक्षा जागरूकता के लिए एक विशाल ऑटो रैली निकाली गई। मंत्री विश्नोई और मुख्य सचेतक गर्ग ने इसे हरी झंडी दिखाई। यह रैली अस्पताल चौराहा और मुख्य बाजार होते हुए हरिदेव जोशी सर्किल पर संपन्न हुई। इस दौरान सभी को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

ये रहे मौजूद इस मौके पर आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, पूर्व मंत्री भूपेंद्र देवासी, महेंद्र मेघवाल, जसराज राजपुरोहित, दानाराम चौधरी, दीपसिंह धनानी, सीईओ जिला परिषद नंदकिशोर राजोरा, रवि सोलंकी, दुर्गाराम चौधरी, गजेंद्र सिंह सिसोदिया और डीटीओ ओमप्रकाश चौधरी सहित कई अधिकारी, नर्सिंग स्टूडेंट और ऑटो चालक मौजूद रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां