राज्य सरकार द्वारा आमजन को सहकारिता से जोड़ने के लिए प्रदेश भर में 2 अक्टूबर से चलाया जा रहा सहकार सदस्यता अभियान जालोर जिले में जोर पकड़ रहा है। अभियान के तहत जिले की विभिन्न ग्राम सेवा सहकारी समितियों में अब तक 165 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 10 हजार से अधिक नए सदस्य सहकारिता परिवार से जुड़ चुके हैं।
15 हजार से अधिक लोगों को मिली कानूनी जानकारी
केन्द्रीय सहकारी बैंक जालोर के प्रबंध निदेशक नारायण सिंह चारण ने जानकारी देते हुए बताया कि सहकार सदस्यता अभियान के तहत जिले की विभिन्न ग्राम सेवा सहकारी समितियों में 165 सहकार सदस्यता शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनसे जिलेभर में 10 हजार से अधिक नए सदस्य सहकारिता से जुड़े हैं। इसके साथ ही 15 हजार से अधिक लोगों को प्रस्तावित सहकारिता कानून की विस्तृत जानकारी भी दी गई है।
33 नई समितियों का होगा गठन, 54 के लिए भूमि आवेदन
जिले में सहकारिता ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। ग्राम सेवा सहकारी समिति से वंचित 43 ग्राम पंचायतों में से 33 में नवीन ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गठन की स्वीकृति राज्य सरकार से प्राप्त हो चुकी है। वहीं, 54 भूमिविहीन ग्राम सेवा सहकारी समितियों में भूमि आवंटन के लिए भी संबंधित ग्राम पंचायतों में आवेदन किया जा चुका है।
सोमवार को 38 शिविरों का हुआ आयोजन
अभियान के तहत बीते सोमवार को जिले में 38 शिविरों का आयोजन किया गया। ग्राम सेवा सहकारी समिति नरता और कावतरा सहित अन्य स्थानों पर आयोजित इन शिविरों में कृषकों को सहकारिता से जुड़ने और इसके लाभ लेने के लिए आह्वान किया गया।
इन शिविरों में केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक और अभियान के जिला नोडल नारायण सिंह चारण, सहकार सदस्यता अभियान के सह संयोजक भरतसिंह भोजाणी, सहकारिता निरीक्षक सुरेश कुमार, समिति व्यवस्थापक गोविन्द सिंह, राजू श्रीमाली सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां