मालवाड़ा छात्रावास में हुई अहम बैठक; 14 अप्रैल को होगा बड़ा आयोजन, पिछले 3 वर्षों के नव-चयनित कार्मिकों और मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान
मालवाड़ा (सर्किल न्यूज़ नेटवर्क)। मेघवाल समाज सुधार समिति 19 गांव परगना द्वारा समाज को शैक्षिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मालवाड़ा स्थित मेघवाल समाज छात्रावास में परगना कमेटी की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी आयोजनों की भव्यता और समाज हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर ठोस निर्णय लिए गए।
14 अप्रैल को मनेगा उत्सव, प्रतिभाओं का होगा बहुमान बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के पावन अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 'प्रतिभावान सम्मान समारोह' का आयोजन होगा, जिसमें विशेष रूप से पिछले तीन वित्तीय वर्षों में विभिन्न सरकारी सेवाओं में नवनियुक्त हुए समाज के कार्मिकों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही, कक्षा 10वीं, 12वीं और उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मंच प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा।
नवनियुक्त बैंक क्लर्क लक्ष्मण सवदिया का हुआ सम्मान बैठक के दौरान हाल ही में राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक में क्लर्क के पद पर चयनित हुए लक्ष्मण सवदिया (पुत्र नागजीराम, पूरण) का कमेटी द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पदाधिकारियों ने लक्ष्मण को साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर उनकी सफलता की सराहना की। समाज के वरिष्ठों ने कहा कि ऐसी सफलताएं अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा पुंज का कार्य करती हैं।
अगली बैठक 25 मार्च को, बनेगी अंतिम रूपरेखा कार्यक्रम को सफल बनाने और अंतिम तैयारियों को अमलीजामा पहनाने के लिए समिति ने अगली बैठक 25 मार्च 2026, बुधवार को मालवाड़ा छात्रावास में ही तय की है। कमेटी ने आह्वान किया है कि समाज बंधु इस बैठक में उपस्थित होकर आयोजन की रूपरेखा पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा करें।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष कांतिलाल वाघेला ने की। इस दौरान कोषाध्यक्ष प्रकाश कुमार परमार, समाजसेवी जीवाराम चौहान पूरण, नेथीराम सोलंकी डेरडी, नागजीराम मेघवाल पूरण, रमेश मेघवाल धनपुरा, उदाराम सोलंकी डेरडी, विजय कुमार पूरण, दिनेश वाघेला वाडा, हरेश कुमार मालवाड़ा, लीलाराम सोलंकी, कमलेश कुमार पूरण और लक्ष्मण कुमार सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां