'तौल' में गड़बड़ी पर शिकंजा: उपभोक्ताओं को ठगने वाले दुकानदारों पर विभाग का विशेष अभियान
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क, जालौर। दीपावली के त्योहार से ठीक पहले, जालौर जिले में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को ठगी से बचाने के लिए एक 'कड़ा' अभियान शुरू किया है। मिठाई, सूखे मेवे और बेकरी उत्पादों की बिक्री में कम माप-तौल करने और पैकेजिंग नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर शिकंजा कसा जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन 8 दुकानों का निरीक्षण किया गया और नियमों की अनदेखी करने पर 15 हजार रुपये की शास्ति (जुर्माना) लगाई गई।

भीनमाल से जालोर तक हुई कार्रवाई
यह विशेष अभियान प्रवर्तन अधिकारी नमिता नारवाल और विधिक माप विज्ञान अधिकारी भूपराज जाटव के संयुक्त जांच दल द्वारा चलाया गया। टीम ने भीनमाल, रामसीन, सायला और जालौर क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, उनमें शामिल हैं:
- शिव शांतिनाथ मिष्ठान, रामसीन
- अंबिका स्वीट्स, रामसीन
- रिलायंस स्मार्ट, भीनमाल
- एस.जी. मार्ट, भीनमाल
- महावीर ड्राई फ्रुट्स, जालोर
- आसाना किराणा स्टोर
- गणपति स्वीट्स
- मारवाड़ स्वीट्स, जालोर
निरीक्षण के दौरान, टीम ने पाया कि कई प्रतिष्ठानों में बाट माप का सत्यापन नहीं था, वजन संबंधी डिस्प्ले प्रदर्शित नहीं थे, और डिब्बा बंद वस्तुओं पर नियमानुसार आवश्यक सूचना का अंकन भी नहीं किया गया था। इन अनियमितताओं के चलते संयुक्त टीम ने मौके पर ही कुल 15 हजार रुपये की शास्ति लगाई।

उपभोक्ताओं को जागरूक करने की अपील
जिला रसद अधिकारी (डीआरओ) और जिला उपभोक्ता संरक्षण अधिकारी ने जिले के सभी प्रतिष्ठानों को सख्त हिदायत दी है कि वे तुरंत अपनी दुकानों में वजन संबंधी डिस्प्ले उचित स्थानों पर प्रदर्शित करें और बाट माप का नियमानुसार सत्यापन करावें।
अधिकारियों ने चेताया है कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान द्वारा नियमों की अवहेलना की जाती है, तो उनके विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम और डिब्बा बंद वस्तुएं नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी:
अधिकारियों ने जिले के समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मिठाई, सूखे मेवे आदि की खरीद पर शुद्ध सामग्री का वास्तविक तोल करवाकर ही डिब्बे में लें। यदि किसी दुकानदार द्वारा वजन संबंधी अनियमितता की जाती है या ग्राहकों को ठगा जाता है, तो इसकी शिकायत तुरंत निम्न हेल्पलाइन पर दर्ज करवा सकते हैं:
- टोल फ्री नंबर: 18001806030
- व्हाट्सएप नंबर: 7230086030
यह अभियान दीपावली की खरीददारी के दौरान उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां