कमर्जी पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल; राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने देशभर के प्राधिकरणों से मांगी मदद
सीधी। जिला न्यायालय क्षेत्र के थाना कमर्जी अंतर्गत ग्राम पटपरा से गायब हुए 11 वर्षीय बालक अर्पित विश्वकर्मा का दो महीने बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। मासूम के गायब होने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अब मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (MPSLSA) ने त्वरित संज्ञान लिया है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम पटपरा निवासी महेश विश्वकर्मा का 11 वर्षीय पुत्र अर्पित विश्वकर्मा (उर्फ लाला) बीते 20 मई 2026 की सुबह लगभग 9:30 से 10:00 बजे के बीच घर से बाहर खेलने निकला था, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। पिता महेश विश्वकर्मा के अनुसार, जब परिजनों ने अपने स्तर पर नाते-रिश्तेदारी, आसपास के गांवों, तालाबों और कुओं में तलाश की और कोई सुराग नहीं मिला, तो उसी दिन थाना कमर्जी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया (अपराध क्रमांक 155/2026, धारा 137(2) बीएनएस), लेकिन लंबे समय तक कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकल सका। परिजनों का आरोप है कि शिकायत में जिन संदेहियों का जिक्र था, उनसे भी पुलिस ने समय पर कड़ाई से पूछताछ नहीं की। हताश होकर पिता ने सीधी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर खोजी कुत्तों (स्निफर डॉग्स) की मदद से जांच कराने की गुहार लगाई थी।
गुमशुदा बालक की पहचान व शारीरिक बनावट:
- नाम: अर्पित कुमार विश्वकर्मा (उम्र 11 वर्ष)
- रंग/कद: गोरा रंग, सामान्य पतला शरीर, लंबाई लगभग 2.5 से 3 फीट
- पहनावा: लाल/ललछर रंग की टी-शर्ट (जिस पर स्पाइडर-मैन का चित्र बना है) और लाल निकर/शॉर्ट्स, पैर में कुछ नहीं
- विशेष पहचान: सिर के पीछे लंबे बाल (कौआ निकले हुए), दाहिने कान में बाली
- भाषा: देहाती बघेली
जारी किए गए मुख्य निर्देश:
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सीधी के सचिव/न्यायाधीश मुकेश कुमार शिवहरे के पत्राचार पर मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने सख्त कदम उठाया है।
- देशभर में सर्कुलर जारी: मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने देश के सभी राज्यों के विधिक सेवा प्राधिकरणों (State Legal Services Authorities) के सदस्य सचिवों को आधिकारिक पत्र (F.No. 63/BBA/SLSA/16/5/2026) भेजकर बच्चे की तस्वीर व विवरण प्रसारित करने के निर्देश दिए हैं।
- अंतर-राज्यीय सहयोग: सभी राज्यों के जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों (DLSA) और अन्य संबंधित हितधारकों (Stakeholders) के माध्यम से बालक की तत्काल खोजबीन के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
- तत्काल सूचना प्रेषण: यदि बालक के संबंध में कोई भी जानकारी या सुराग मिलता है, तो उसकी सूचना तुरंत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीधी या संबंधित थाना (कमर्जी) को देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
सम्पर्क सूत्र (यदि कोई जानकारी मिले): थाना कमर्जी (सीधी, म.प्र.) पिता (महेश विश्वकर्मा): 9516024280 / 9324071768 मामा (संतोष विश्वकर्मा): 7580961678







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां