प्रशिक्षु आरपीएस रवि के नेतृत्व में डावल में बड़ी कार्यवाही; घर में छिपाकर रखा था अवैध मादक पदार्थ, पुलिस खंगाल रही है तस्करी के तार
चितलवाना/सांचौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चितलवाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डावल गांव में एक रिहायशी मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त और अफीम का दूध जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांचौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवडदान रतनू के निर्देशन और उप अधीक्षक जयराम मुण्डेल के सुपरविजन में जिले भर में धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चितलवाना थानाधिकारी (प्रशिक्षु आरपीएस) रवि को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि डावल निवासी सुखराम अपने घर में अवैध नशे का स्टॉक छिपाकर बैठा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने सरहद डावल में आरोपी के घर की घेराबंदी कर दबिश दी।

5 किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी सुखराम (45) पुत्र वागाराम बिश्नोई (सारण) के कब्जे से:
- 5.509 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त
- 129 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया गया।
पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी सुखराम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध चितलवाना थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 18 के तहत प्रकरण संख्या 25/2026 दर्ज किया गया है।
खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की जाँच जारी
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। अनुसंधान के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह माल कहां से लाया था और जिले में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशे के इस काले कारोबार से जुड़े अन्य बड़े नामों का भी खुलासा हो सकता है।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में प्रशिक्षु आरपीएस रवि के साथ सहायक उप निरीक्षक भुराराम, हैड कांस्टेबल चन्दनगिरी, कांस्टेबल मघाराम, उतमसिंह, चालक शिवराज, महिला कांस्टेबल बंशु और कांस्टेबल गोगाराम शामिल रहे।



