बकाया लीज और किस्तों पर मिल रही 100% तक की भारी छूट; जानें आपके वार्ड में कब और कहाँ लगेगा राहत का कैंप
जालोर, 18 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के नगरीय क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे लंबे समय से अटके मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो रहा है।
शिविरों में नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों के आला अधिकारी खुद मौजूद रहकर जनता की फरियाद सुन रहे हैं। मौके पर ही लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी करने (69ए, 54ई, 56बी, 60सी), सड़क व नालियों की मरम्मत, पेचवर्क, फेरोकवर व मैन हॉल्स की मरम्मत सहित स्ट्रीट लाइट व सीवर लाइन लीकेज दुरुस्त करने के कार्य हाथो-हाथ किए जा रहे हैं।
छूट की बौछार: बकाया लीज राशि और किस्तों में भारी राहत
शिविरों में सरकार द्वारा आमजन को विभिन्न शुल्कों और ब्याज में भारी छूट दी जा रही है:
- 100% ब्याज छूट: बकाया लीज राशि जमा कराने तथा ईडब्लूएस व एलआईजी श्रेणी के आवंटियों द्वारा बकाया किस्तों की एकमुश्त राशि जमा करने पर ब्याज व शास्ति (पेनल्टी) में शत-प्रतिशत छूट दी जा रही है।
- एकमुश्त जमा पर राहत: वर्ष 2025-26 तक की बकाया लीज राशि एकमुश्त जमा करने पर 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं फ्री होल्ड के लिए 10 वर्ष तथा लीज मुक्ति के लिए 8 वर्ष की अग्रिम राशि जमा करने पर बकाया लीज राशि में 60 प्रतिशत की राहत दी जाएगी।
- नामांतरण व शास्ति में रियायत: नामान्तरण शुल्क में 50 प्रतिशत की कटौती की गई है। इसके साथ ही लॉटरी से आवंटित आवासीय भूखण्डों को 10 वर्ष की अवधि से पूर्व बेचने के मामलों में शास्ति में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। बिना ब्याज व शास्ति के पट्टा वितरण भी किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, ट्रेड लाईसेंस, फायर एनओसी, ओएफसी मोबाइल टावर एनओसी, ईडब्लूएस प्रमाण पत्र और फ्लैगशिप योजनाओं के आवेदनों का भी मौके पर ही निस्तारण किया जा रही है। मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना एवं कुसुम योजना के आवेदन भी शिविर में हाथो-हाथ लिए जा रहे हैं।
आगामी दिनों में यहां लगेंगे शिविर: नोट कर लें तारीखें
प्रशासन द्वारा आगामी शिविरों का वार्डवार कार्यक्रम जारी कर दिया गया है, जो इस प्रकार है:
| नगरीय निकाय | वार्ड संख्या | शिविर की तिथि | स्थान |
| नगर परिषद जालोर | वार्ड 8 से 11 | 19 एवं 22 जून | नगर परिषद सभागार |
| नगर पालिका सांचौर | वार्ड 9 व 10 वार्ड 11 व 12 | 19 जून 22 जून | निर्धारित शिविर स्थल |
| नगर पालिका आहोर | वार्ड 12 व 13 | 22 जून | निर्धारित शिविर स्थल |
| नगर पालिका भीनमाल | वार्ड 13 से 16 | 22 व 23 जून | निर्धारित शिविर स्थल |
अपील: स्थानीय प्रशासन ने शहरी क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में पट्टों, राजस्व मामलों और छूट योजनाओं का लाभ उठाएं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां