महाकवि माघ की पावन धरा पर आरएसएस का ‘संघ शिक्षा वर्ग’ संपन्नता की ओर, सेना मेडल विजेता कर्नल शंभूसिंह देवड़ा और संत सानिध्य में सजेगा समापन समारोह
सर्किल न्यूज़ नेटवर्क, भीनमाल (जालौर)। कहते हैं कि जब देश के युवाओं की रगों में राष्ट्रभक्ति का रक्त हिलोरे लेने लगता है, तो राष्ट्र का कायाकल्प निश्चित हो जाता है। कुछ ऐसा ही अभूर्व और प्रेरणादायी दृश्य इन दिनों महाकवि माघ की ऐतिहासिक नगरी भीनमाल में देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), जोधपुर प्रांत के तत्वावधान में बीते 21 मई से अनवरत चल रहा ‘संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) 2026’ अपने भव्य समापन की ओर अग्रसर है। महाविद्यालयी छात्रों और तरुण व्यवसायियों के इस महाकुंभ का मुख्य समापन समारोह कल, 5 जून 2026 (शुक्रवार) को सायं 6:00 बजे रानीवाड़ा मार्ग स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।

संघ की स्थापना के गौरवमयी 100 वर्षों की इस पावन यात्रा में यह वर्ग युवा शक्ति को अनुशासित, संस्कारवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाने का एक जीवंत माध्यम साबित हुआ है। भीषण गर्मी की परवाह किए बिना, सैकड़ों युवाओं ने पिछले 15 दिनों से कड़ी तपस्या और कड़े अनुशासन के बीच समाज व राष्ट्र निर्माण के लिए स्वयं को तपाया है।
शौर्य और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम
कल होने जा रहे इस समापन समारोह में शौर्य, राष्ट्रवाद और आध्यात्मिकता का एक अनूठा त्रिवेणी संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय सेना के जांबाज और ‘सेना मेडल’ से सम्मानित कर्नल श्री शंभूसिंह जी देवड़ा उपस्थित रहेंगे, जिनका सानिध्य युवाओं में राष्ट्र रक्षा का नया जोश भरेगा। वहीं, आध्यात्मिक ऊर्जा के केंद्र संत श्री सुमन सुलभ ब्रह्मचारी जी महाराज (श्री ललिता त्रिपुर सुंदरी शिवासन भाखरी, जालमपुरा) के पावन संत सानिध्य में यह पूरा आयोजन गरिमय बनेगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य श्री हनुमानसिंह जी होंगे, जो देश की वर्तमान दशा और दिशा में युवाओं की भूमिका पर मुख्य मार्गदर्शन (पाथेय) प्रदान करेंगे।
विशेष आह्वान: राष्ट्र निर्माण के गवाह बनें
वर्ग सर्वाधिकारी रामधन विश्नोई एवं जिला संघ चालक डॉ. किशनलाल ने संपूर्ण समाज से इस राष्ट्रव्यापी ऊर्जा के साक्षी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने भीनमाल और आसपास के समस्त प्रबुद्ध नागरिकों को सपरिवार एवं मित्रों सहित सादर आमंत्रित किया है। कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने हेतु 10 मिनट पूर्व स्थान ग्रहण करने का अनुरोध किया गया है, एवं कार्यक्रम के पश्चात स्वरुचि भोजन की सुंदर व्यवस्था भी रहेगी।
एक नज़र कार्यक्रम विवरण पर:
- तिथि एवं दिन: ज्येष्ठ कृष्ण पंचमी, 05 जून 2026, शुक्रवार
- समय: सायं 6:00 बजे (कृपया 10 मिनट पूर्व पधारें)
- स्थान: आदर्श विद्या मंदिर, उच्च माध्यमिक, रानीवाड़ा मार्ग, भीनमाल



