जिले की आगामी सभी खेल प्रतियोगिताएं राजा साहब को होंगी समर्पित; शोक सभा में खेल प्रेमियों ने रखा दो मिनट का मौन
जालोर। भारतीय खेल जगत के भीष्म पितामह, ओलंपिक आंदोलन के अंतरराष्ट्रीय हस्ताक्षर एवं भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष व तीन बार महासचिव रहे राजा रणधीर सिंह जी के दुःखद निधन पर जालोर जिला ओलंपिक संघ ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। राजा साहब के निधन का समाचार मिलते ही संपूर्ण खेल जगत सहित जालोर के खेल प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई।
खेल जगत में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा योगदान
जालोर जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राजा साहब का भारतीय खेलों एवं ओलंपिक आंदोलन के लिए योगदान हमेशा स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। एक खिलाड़ी, प्रशासक और मार्गदर्शक के रूप में उन्होंने दशकों तक देश का नाम वैश्विक पटल पर रोशन किया। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता से लेकर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) में भारत का प्रतिनिधित्व करने तक, उनका पूरा जीवन हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणापुंज रहा है।
छोटे जिलों तक ओलंपिक भावना पहुंचाना था सपना
शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि राजा रणधीर सिंह जी ने हमेशा जमीनी स्तर के खेलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। जालोर जैसे छोटे और पिछड़े जिलों में भी ओलंपिक की भावना पहुंचे और यहाँ के ग्रामीण खिलाड़ी आगे बढ़ें, यह उनका बड़ा सपना था। भारत द्वारा साल 2036 के ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प को भी सबसे पहले उन्होंने ही आवाज़ दी थी।
आपात बैठक में दी श्रद्धांजलि, प्रतियोगिताएं होंगी समर्पित
राजा साहब के निधन पर आज जालोर जिला ओलंपिक संघ की एक आपात शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने दो मिनट का मौन रखकर पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
संघ ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि जालोर जिले में आयोजित होने वाली आगामी सभी खेल प्रतियोगिताएं राजा साहब की स्मृति को समर्पित रहेंगी।
जालोर जिला ओलंपिक संघ, जिले के समस्त खेल संघ, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। खेल जगत का यह 'राजा' भले ही आज हमारे बीच नहीं रहा, परंतु उनके आदर्श और खेलों में दिया गया योगदान हमेशा अमर रहेगा।
- लाल सिंह सांखला महासचिव, जालोर जिला ओलंपिक संघ, जालोर







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां