सांख्यिकी दिवस पर जिला स्तरीय समारोह, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
बड़ा लक्ष्य, व्यवहारिक ज्ञान और आउट ऑफ बॉक्स सोच जरूरी : जोगेश्वर गर्ग
जालोर। जिला परिषद सभागार में रविवार को प्रो. पी.सी. महालनोबीस की स्मृति में 19वें सांख्यिकी दिवस के अवसर पर "75 ईयर ऑफ नेशनल सैंपल सर्वे" विषयक जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करें और निरंतर आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ पर आने वाली कठिनाइयों और असफलताओं से घबराएं नहीं, बल्कि उनसे सीखकर आगे बढ़ना चाहिए। केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, व्यवहारिक ज्ञान भी जरूरी है। विद्यार्थियों को आउट ऑफ बॉक्स सोच रखते हुए जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। गर्ग ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेल, साहित्य व अन्य क्षेत्रों में भी जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता व उत्कृष्ट कार्मिक सम्मानित
सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक धनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि सांख्यिकी दिवस के अवसर पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और सांख्यिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने सांख्यिकी पर रखे विचार, 'जिला एक दृष्टि फोल्डर 2025' का विमोचन
कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक संस्कृत विद्यालय, ओडवाड़ा के प्रधानाचार्य विजय सिंह इंदा और हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड, जालोर के जिला सचिव सचिन राजपुरोहित ने सांख्यिकी विषय पर अपने विचार रखे। अतिथियों द्वारा 'जिला एक दृष्टि फोल्डर 2025' का विमोचन भी किया गया।
अधिकारी व विद्यार्थी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य आयोजना अधिकारी महेश चावला, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी दिनेश मीणा, किशन सिंह सहित अधिकारी, कार्मिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां