रानीवाडा: बेटियों के सम्मान में झुका आसमान, छात्र नेता जॉस्लिन नंदिता चौधरी के स्वागत में उमडा जनसैलाब, युवाओं को राजनीति में आने की ललकार।
रानीवाडा। सरहदी इलाके के स्वामी आत्मानंद सेवा संस्थान ‘वात्सल्यधाम’ में गणतंत्र दिवस का पर्व महज एक रस्म नहीं, बल्कि नारी शक्ति के उदय का गवाह बना। ‘बेटियों का सलाम-राष्ट्र के नाम’ और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढाओ’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए संस्थान ने इस बार समाज की रूढिवादी सोच पर कडा प्रहार किया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय की तेजतर्रार छात्र नेता जॉस्लिन नंदिता चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

जॉस्लिन न केवल दिल्ली की छात्र राजनीति का एक चमकता हुआ चेहरा हैं, बल्कि युवाओं के बीच अपनी प्रखर आवाज और नेतृत्व क्षमता के लिए खास पहचान रखती हैं। जालोर से लेकर रानीवाडा तक उनके स्वागत में सडकें छोटी पड गईं और युवाओं का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। वात्सल्यधाम पहुंचने पर संस्थान निदेशक अमृत पुरोहित ने साफा पहनाकर और बच्चों ने फूलों की बारिश कर उनका शाही इस्तकबाल किया।
मुख्य अतिथि जॉस्लिन नंदिता चौधरी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और वात्सल्यधाम के निराश्रित बच्चों से मिलकर उनकी हौसला अफजाई की। संस्थान के सेवा कार्यों को देखकर जॉस्लिन भावुक नजर आईं और उन्होंने साफ कहा कि रानीवाडा में मिले अपनेपन ने उनका दिल जीत लिया है। उन्होंने मंच से युवाओं को राजनीति की मुख्यधारा में जुडकर देश सेवा का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. कविता देवासी और डॉ. रूपल देवासी ने भी संबोधित करते हुए बेटियों की शक्ति को रेखांकित किया।

संस्थान निदेशक अमृत पुरोहित ने दबंग अंदाज में कहा कि बेटियां हमारी संस्कृति और स्वाभिमान की नींव हैं, और उन्हें मुख्य अतिथि बनाना महज एक नवाचार नहीं बल्कि समाज को आईना दिखाना है। समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सबका मन मोह लिया। इस दौरान युवा उद्यमी कृष्ण देवासी, नवाराम माली, शंकरलाल पुरोहित, नरपत पुरोहित धनपुरा, ठेकेदार मुकेश कोतवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



