भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष जसराजजी राजपुरोहित के निर्देशानुसार सिलासन गाँव में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष उकसिंहजी परमार ने किया।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने अर्बुदा माताजी के समक्ष भारत माता के वीर सपूतों, विशेष रूप से सेना के जवानों के विजय, साहस और सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रार्थना की। भक्तों ने भावपूर्ण श्रद्धा के साथ मां अर्बुदा से यह कामना की कि वर्तमान में भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति में भारतीय सेना को विजय प्राप्त हो और देश की सीमाएं सुरक्षित रहें।
सभा के दौरान उकसिंहजी परमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके सशक्त और निर्णायक नेतृत्व में भारत किसी भी संकट या शत्रु का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि देशवासी आज उनके नेतृत्व में गर्व और आत्मविश्वास का अनुभव कर रहे हैं।
राष्ट्रीय एकता और संकल्प का प्रतीक वर्तमान समय में जब सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और भारत की अखंडता को चुनौती दी जा रही है, ऐसे में पूरे देशवासी एकजुट होकर अपनी सेना के साथ खड़े हैं। यह प्रार्थना सभा भी इसी राष्ट्रीय एकता और संकल्प का प्रतीक बनी।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था के माध्यम से सेना का मनोबल बढ़ाना था, बल्कि गाँव-गाँव में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक जाग्रत करना भी था।



