लर्निंग लाइसेंस पाकर खिले बालिकाओं के चेहरे, नवरात्र के उपलक्ष्य में तिलक लगाकर हुआ अनूठा सम्मान
रानीवाड़ा। बोहरा परिवार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पिछले 3 वर्षों से चलाए जा रहे निशुल्क स्कूटी प्रशिक्षण अभियान का एक और चरण आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्थानीय महालक्ष्मी मंदिर परिसर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तीर्ण हुई सभी बालिकाओं और महिलाओं को लर्निंग लाइसेंस वितरित किए गए।
इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता मंजीराम चौधरी ने की। कार्यक्रम में बतौर अतिथि रानीवाड़ा प्रशासक प्रतिनिधि मफाराम राणा, माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार मदनलाल माहेश्वरी, निवर्तमान उप सरपंच अलका बोहरा, कांग्रेस महिला जिला कार्यकारिणी सदस्य पार्वती जीनगर, प्रशासक समिति सदस्य दक्षा अनिल माहेश्वरी, श्रीमाली समाज के प्रतिनिधि भवानी शंकर त्रिवेदी और ललित बोहरा मौजूद रहे।

आत्मविश्वास की नई उड़ान: बोहरा कार्यक्रम के आयोजक व ग्राम विकास अधिकारी संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष भानाराम बोहरा ने बताया कि उनके परिवार द्वारा बालिकाओं और महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 350 महिलाएं इस अभियान के तहत स्कूटी चलाना सीख चुकी हैं। खास बात यह है कि स्कूटी सिखाने के साथ-साथ उनके लाइसेंस बनवाने की पूरी व्यवस्था भी बोहरा परिवार स्वयं करता है। इस बैच को स्कूटी सिखाने में ट्रेनर दक्ष बोहरा और ममता सोलंकी ने मुख्य भूमिका निभाई।
संकट हो या सेवा, हमेशा आगे रहता है यह परिवार मुख्य अतिथि मंजीराम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बोहरा परिवार का यह प्रयास वास्तव में अनुकरणीय है। यह परिवार सिर्फ हुनर ही नहीं सिखा रहा, बल्कि महिलाओं को कानूनी रूप से सड़क पर चलने के लिए सशक्त भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे कोरोना काल हो या कोई अन्य प्राकृतिक आपदा, बोहरा परिवार हमेशा सामाजिक सरोकारों में सबसे आगे खड़ा मिलता है। वहीं दैनिक नवज्योति के ब्यूरो चीफ व माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष मदनलाल माहेश्वरी ने कहा कि इस अभियान से रानीवाड़ा की बेटियों को नया संबल मिला है, जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।
नवरात्र के रंग में रंगा समारोह आगामी नवरात्रि महोत्सव को देखते हुए समारोह की शुरुआत बेहद अनूठे और पारंपरिक तरीके से हुई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी बालिकाओं और महिलाओं का सबसे पहले तिलक लगाया गया, फिर चुनरी/दुपट्टा ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस सम्मान को पाकर मातृशक्ति के चेहरे खिल उठे। इसके बाद अतिथियों ने सभी को ड्राइविंग लाइसेंस सौंपे।

इस सेवा कार्य को लेकर क्षेत्र की जनता में बोहरा परिवार के प्रति भारी उत्साह और सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर बोहरा परिवार की सदस्य व रानीवाड़ा की उप सरपंच अलका बोहरा ने पधारे हुए सभी अतिथियों, सहयोगियों और संभागियों का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां