मुख्य बिंदु:
- 'प्रभारी राज' खत्म: अब स्थायी एमडी के आने से फैसलों में आएगी तेजी, प्रबंधन होगा हाईटेक
- जैसलमेर से आए डॉ. चौधरी का भव्य स्वागत, पशुपालकों को उम्मीद- अब दूध का पैसा मिलेगा जल्दी
- अधिकारियों ने जताया नए नेतृत्व पर भरोसा, कहा- जालौर-सिरोही डेयरी छुएगी नई ऊंचाइयां
रानीवाड़ा। जालौर और सिरोही जिले के हजारों दुग्ध उत्पादकों (किसानों) के लिए बड़ी राहत की खबर है। रानीवाड़ा सरस डेयरी (जालौर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ) में लंबे समय से चल रही प्रशासनिक सुस्ती अब खत्म होने जा रही है। नवनियुक्त प्रबंध संचालक (MD) डॉ. भरत सिंह चौधरी ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके कुर्सी संभालते ही डेयरी परिसर में उत्साह का माहौल है और ग्रामीण अंचल के पशुपालकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

अब नहीं अटकेंगे भुगतान, सुधरेगा प्रबंधन डॉ. भरत सिंह चौधरी के आगमन का सबसे बड़ा फायदा सीधे किसानों को होगा। अब तक रानीवाड़ा डेयरी का काम पाली डेयरी के एमडी के पास 'अतिरिक्त प्रभार' के भरोसे चल रहा था। एमडी के नियमित नहीं बैठने से कई बार पॉलिसी निर्णय लटक जाते थे और भुगतान की प्रक्रिया धीमी हो जाती थी। लेकिन अब स्थायी एमडी की नियुक्ति से:
- भुगतान में तेजी: पशुपालकों का दुग्ध भुगतान (Milk Payment) अब बिना किसी देरी के समय पर सीधे खातों में आएगा।
- त्वरित फैसले: समितियों की समस्याएं और प्रशासनिक फाइलें अब हफ्तों तक टेबल पर धूल नहीं फांकेंगी।
- पारदर्शिता: डॉ. चौधरी के अनुभव से डेयरी के प्रबंधन में कसावट आएगी और सिस्टम और अधिक पारदर्शी बनेगा।

जैसलमेर सरस डेयरी में अपने बेहतरीन कार्यकाल के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. चौधरी ने पदभार संभालते ही अधिकारियों से स्पष्ट कर दिया है कि 'पशुपालकों का हित' उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत सोमवार को जैसे ही डॉ. चौधरी डेयरी परिसर पहुंचे, वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लेखाधिकारी केशर सिंह सोलंकी और पीएंडआई प्रभारी जवान सिंह बालावत की अगुवाई में नए एमडी को बधाई दी गई। इस अवसर पर विपणन प्रभारी जयंती लाल चौधरी और कर्मचारी संघ अध्यक्ष अखा राम देवासी ने कहा कि नए नेतृत्व में संघ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से पार्वतीशंकर शर्मा, उत्तम विश्नोई, गजेन्द्र सिंह, रघुवीर सिंह सोलंकी, विक्रम सिंह, जितेन्द्र सिंह, महेंद्र कुमार और अरमान ख़ां सहित कई वरिष्ठ कार्मिक मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि अब डेयरी का प्रशासन 'रिमोट कंट्रोल' से नहीं, बल्कि सीधे रानीवाड़ा से मजबूत हाथों द्वारा चलाया जाएगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां