सिरोही, 7 जून। राजस्थान के सिरोही जिले में शनिवार सुबह राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के आगमन पर महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री व प्रवासी भारतीयों के राष्ट्रीय नेता राज के पुरोहित ने सिरोही सर्किट हाउस में शिष्टाचार भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
राजपुरोहित और राज्यपाल बागडे के बीच जल संरक्षण, वाटर हार्वेस्टिंग, सिरोही की भौगोलिक चुनौतियाँ और प्रवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर राजपुरोहित ने राज्यपाल को जिले में प्रवासी समाज के योगदान और उनकी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना आज की प्राथमिक आवश्यकता है। उन्होंने इस दिशा में राज्य और केंद्र स्तर पर समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं ने सिरोही सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश भी दिया। इस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह उल्लेखनीय है कि राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और राज के पुरोहित दोनों ने महाराष्ट्र विधानसभा में एक साथ लम्बे समय तक कार्य किया है, और एक-दूसरे के साथ राजनीतिक और वैचारिक सहयोग का लंबा अनुभव साझा करते हैं। उनकी यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित न होकर, राजनीतिक संवाद और विकासात्मक विज़न की झलक भी प्रस्तुत करती है।
राजपुरोहित की यह सक्रियता बताती है कि वे राजस्थान और प्रवासी समाज के बीच सेतु की भूमिका निभा रहे हैं, और राज्य के समग्र विकास के लिए उनकी रणनीतिक सोच आगे भी अहम साबित हो सकती है।



