वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन, योजनाओं की सफलता पर हुआ विस्तार से विमर्श
भीनमाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 11 वर्षों की सफल राष्ट्र विकास यात्रा के उपलक्ष्य में मंगलवार को विकास भवन, भीनमाल में भाजपा की जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं, सैन्य सशक्तिकरण और औद्योगिकीकरण सहित राष्ट्र उन्नति के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि "प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सामाजिक न्याय के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।"

इस अवसर पर विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग (जालोर), सांसद लुम्बाराम चौधरी (जालोर-सिरोही), पूर्व सांसद देवजी पटेल, पूर्व विधायक पुराराम चौधरी, शंकर सिंह राजपुरोहित, जिला प्रमुख राजेश राणा, पूर्व जिला प्रमुख वन्नेसिंह गोहिल, वरिष्ठ भाजपा नेता मंगलसिंह सिराणा एवं खेमराज देसाई सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मातृशक्ति एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला में वक्ताओं ने विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, अग्निपथ योजना, मेक इन इंडिया, और डिजिटल इंडिया का जिक्र करते हुए बताया कि इन योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम का संचालन संयोजन समिति द्वारा सुनियोजित तरीके से किया गया। समस्त कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में "विकसित भारत" के संकल्प को दोहराते हुए जन-जन तक योजनाओं की जानकारी पहुँचाने का संकल्प लिया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां