जालोर, 2 जून।
जिला कलक्टर प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में सोमवार को डीओआईटी परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और ‘वन्दे गंगा’ जल संग्रहण एवं संरक्षण अभियान की तैयारियों के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए बैठक संपन्न हुई।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 21 जून को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि योग दिवस का आयोजन जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर किया जाएगा। इस दौरान आमजन को योग के महत्व और विभिन्न योगासनों की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें अभ्यास करवाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम शाह पूंजाजी गेनाजी स्टेडियम, जालोर में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही, सुन्धा माता मंदिर, सिरे मंदिर, नेहरू पार्क सहित जिले के प्रमुख स्थानों पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा, जिला कलक्टर ने बताया कि 5 जून से 20 जून तक जिले में ‘वन्दे गंगा’ जल संग्रहण एवं जल संरक्षण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत 5 जून को गंगा दशमी और विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक ग्राम एवं शहर में जल स्रोतों, नदियों, जलधाराओं और तालाबों पर पूजन कलश यात्रा, जागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मानसून से पहले जल संग्रहण संरचनाओं का लोकार्पण, नई संरचनाओं का शिलान्यास और जल स्रोतों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान’, ‘जल शक्ति अभियान-जन सहभागिता जन भागीदारी’, ‘हरियालो राजस्थान’, ‘कर्म भूमि से मातृ भूमि’ जैसे अभियानों को जनकेन्द्रित बनाएं और भामाशाहों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, कार्मिकों एवं आमजन को जोड़कर इन्हें जन आंदोलन का रूप दें।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डॉ. दिनेश जोशी सहित अधिकारी-कार्मिक और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।



