माय भारत की बड़ी पहल: 10,000 स्थानों से जुड़ेंगे 1 करोड़ युवा, 100 सप्ताह तक चलेगा विशेष अभियान; जोधपुर के काजरी सभागार में होगा मुख्य जिला आयोजन
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर/जयपुर। देश को नशे की गिरफ्त से आजाद कराने और 'विकसित भारत @2047' के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार, 2 अगस्त को देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के 'माय भारत' (MY Bharat) मंच द्वारा संचालित 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत यह राष्ट्रव्यापी आयोजन होने जा रहा है।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में देश के लगभग 10,000 स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा ऑनलाइन जुड़ेंगे। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागी एक साथ 'नशा मुक्ति शपथ' लेंगे। इसके साथ ही अगले 100 हफ्तों तक हर रविवार को आयोजित होने वाले विशेष फिटनेस, खेल और सामाजिक जागरूकता अभियानों का भी आगाज होगा।
जोधपुर में काजरी सभागार बनेगा मुख्य केंद्र
राजस्थान के जोधपुर ज़िले में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन ज़िला प्रशासन के नेतृत्व में 2 अगस्त को प्रातः 10 बजे काजरी सभागार में रखा गया है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, माय भारत व एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
14 अगस्त को दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन
इस अभियान के तहत ज़िला और राज्य स्तर पर खेल, चित्रकला, वाद-विवाद, रील और स्लोगन प्रतियोगिताएं होंगी। 14 अगस्त को नई दिल्ली में प्रस्तावित 'राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन' में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं और संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां