पोषण और बचाव के प्रति जागरूकता का संदेश, भामाशाहों ने भी दिया सहयोग
रानीवाड़ा, 28 जुलाई। राजस्थान सरकार द्वारा टी.बी. (क्षय रोग) मरीजों के लिए चलाए जा रहे 'निश्चय पोषण किट वितरण अभियान' के तहत आज रानीवाड़ा में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी गणपत लाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 27 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य टी.बी. मरीजों को पोषण सहायता प्रदान करना और उन्हें रोग से लड़ने के लिए सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान टी.बी. मरीजों को पोषण संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें अपनी दैनिक आहार में हरी पत्तेदार सब्जियों, फल-फ्रूट और अन्य पौष्टिक आहार को शामिल करने के लिए विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही, रोग के प्रसार को रोकने और स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए मास्क लगाने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया। मरीजों को समय पर अपनी दवाएं लेने और पूरा इलाज कराने के लिए भी प्रेरित किया गया ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकें।
'निश्चय मित्र योजना' के तहत मरीजों को निश्चय पोषण किट वितरित किए गए। इस नेक कार्य में भामाशाहों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। किट वितरण करने वालों में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी गणपत लाल, चंदू लाल (यू.डी.सी.), गोविंद कुमार (वरिष्ठ चिकित्सा पर्यवेक्षक), लक्ष्मण दान (वरिष्ठ लेबोरेटरी पर्यवेक्षक), इलियास खान (बीपीएम), रमेश कुमार (बीएनओ), ओमना (एलएचवी), प्रकाश कुमार (लेखाकार) और इकरामदीन (ब्लॉक आशा फैसिलिटेटर) शामिल थे। यह पहल टी.बी. के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो मरीजों को न केवल पोषण संबंधी सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें रोग से उबरने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत भी बना रही है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां