जालोर: आज, 24 सितंबर, 2025 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में श्री रघुनाथ बिश्नोई मेमोरियल कॉलेज में एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर महाविद्यालय के निदेशक डॉ. रोहित बिश्नोई की अध्यक्षता में हुआ।
सेवा और समाज का संदेश
स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. बिश्नोई ने बताया कि एनएसएस भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी व सामुदायिक सेवा की भावना को जगाना है।

सहायक आचार्य विश्राम मीणा ने एनएसएस के आदर्श वाक्य “मैं नहीं, बल्कि आप” का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि यह आदर्श वाक्य निस्वार्थ सेवा और सामुदायिक जुड़ाव के सार को दर्शाता है। एनएसएस प्रभारी सतीश कुमार ने सेवा योजना का सामान्य परिचय दिया, जबकि संरक्षक नरेंद्र कुमार बिश्नोई ने इसके चिह्न और उसके संदेश की विस्तृत व्याख्या की।
श्रमदान से दिखाया सेवा का जज्बा
एनएसएस प्रभारी भंवराराम गर्ग ने विद्यार्थियों को श्रमदान के लिए प्रेरित किया। सभी स्वयंसेवकों ने मिलकर महाविद्यालय के खेल मैदान और मुख्य सड़क मार्ग के दोनों तरफ साफ-सफाई कर श्रमदान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र कुमार उबा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वयंसेवक समाज का ईमानदार और परिश्रमी नागरिक होता है। उन्होंने सभी का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बी.एड. की डॉ. नीतू जैमिनी, उप-प्राचार्य डॉ. मंछाराम सोलंकी, और सहायक आचार्यों सहित एनएसएस की दोनों इकाइयों के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



