जालेरा कलां में मेघवाल समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन आज, विजेता को ₹21 हजार का पुरस्कार
जालेरा कलां का खेल मैदान शनिवार को एक प्रेरक मंच बन गया। खिलाड़ियों को जीत के साथ जीवन में सफलता का मंत्र दिया गया। जालोर जिला प्रमुख राजेश कुमार राणा ने युवाओं को खेलों से जुड़कर न सिर्फ करियर बनाने, बल्कि नशे से दूर रहकर सामाजिक दायित्व निभाने का आह्वान किया।
रानीवाड़ा (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क)। कस्बे के निकटतम स्थित श्री आपेश्वर खेल मैदान जालेरा कलां में आयोजित सुणतर मेघवाल समाज पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत शनिवार को जालोर जिला प्रमुख राजेश कुमार राणा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जिला प्रमुख राणा का साफ़ा और माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
खेल हमें संकटों से निपटना सिखाते हैं:
मुख्य अतिथि जिला प्रमुख राणा ने क्रिकेट खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों में भाग लेने और नशे से दूर रहने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने कई कारगर योजनाएं क्रियान्वित की हैं, जिनकी बदौलत आज हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

राणा ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खुद भी नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने खेलों के महत्व को बताते हुए कहा, "खेलों से जुड़े युवा अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी बड़ी कुशलता से करते हैं। खेल हमें सकारात्मक रहते हुए कई प्रकार की समस्याओं और संकटों से निपटने का गुर सिखाते हैं।"
सफलता का मंत्र:
जिला प्रमुख ने खिलाड़ियों को जीत का मंत्र देते हुए कहा, "खेलकूद में कभी किसी की हार नहीं होती। अनुशासन व खेल भावना से खेलने वाले खिलाड़ियों की हमेशा जीत होती है। अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने वाला युवा जीवन में सफलता जरूर प्राप्त करता है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय बदल रहा है, युवा न केवल शिक्षा बल्कि खेलकूद में भी शानदार करियर बना सकते हैं।

आज होगा भव्य समापन:
क्रिकेट कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र कुमार परमार ने बताया कि आज (रविवार) को प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विजेता टीम को 21 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन भी उपस्थित रहेंगे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां