विकास कुमार अब एटीएस आईजी, जालौर में शैलेंद्र सिंह इंदौलिया बने नए एसपी
जयपुर। राज्य सरकार ने शनिवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 91 अफसरों का तबादला कर दिया। इसके साथ ही 10 आईएएस अधिकारियों को नई पोस्टिंग दी गई है, जबकि 2 अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 142 अधिकारियों को भी बदला गया है। पुलिस महकमे में बदलाव की सबसे बड़ी लहर देखी गई है, जिसमें कोटा, जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर रेंज के आईजी बदले गए हैं। इसके अलावा 30 से अधिक जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी बदला गया है।

जोधपुर में बड़ा बदलाव: विकास कुमार अब एटीएस आईजी, ओमप्रकाश बने कमिश्नर
जोधपुर रेंज आईजी रहे विकास कुमार को अब एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वाड) का आईजी बनाया गया है। उनकी जगह उदयपुर से राजेश मीणा को जोधपुर रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है। वहीं, जोधपुर पुलिस कमिश्नर रहे राजेंद्र सिंह को अजमेर रेंज आईजी बनाया गया है। बीकानेर रेंज आईजी रहे ओमप्रकाश प्रथम को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

जालौर में शैलेंद्र सिंह इंदौलिया बने नए एसपी
पुलिस विभाग में हुए फेरबदल के तहत जालौर को भी नया पुलिस अधीक्षक मिला है। शैलेंद्र सिंह इंदौलिया को जालौर का नया एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, ज्ञानचंद्र यादव को एसओजी एसपी जयपुर के पद पर तैनात किया गया है।
प्रमुख आईजी तबादले
- गौरव श्रीवास्तव, जो अब तक सीएम सिक्योरिटी के आईजी थे, उन्हें उदयपुर रेंज आईजी बनाया गया है। उनकी जगह गंगानगर एसपी रहे गौरव यादव को मुख्यमंत्री सुरक्षा का जिम्मा सौंपते हुए सीएम सिक्योरिटी सतर्कता डीआईजी के पद पर नियुक्त किया गया है।
- जयपुर रेंज आईजी अजयपाल लांबा को एससीआरबी आईजी बनाया गया है।
- भरतपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश को जयपुर रेंज आईजी की जिम्मेदारी दी गई है।
- कोटा रेंज आईजी रविदत्त गौड़ को पुलिस मुख्यालय में आईजी के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
- शरद कविराज को आईजी, एसओजी के पद पर तैनात किया गया है।
- जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में आईजी रहे कैलाश विश्नोई को भरतपुर रेंज आईजी की जिम्मेदारी दी गई है। भरतपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म का गृह जिला है, इसलिए यह नियुक्ति खास मानी जा रही है।
झुंझुनूं को मिला पूर्णकालिक एसपी
झुंझुनूं जिले को दो महीने बाद पूर्णकालिक एसपी मिल गया है। करौली से बृजेश ज्योति उपाध्याय को स्थानांतरित कर झुंझुनूं का नया एसपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले 20 मई को लोकेश सोनवाल को झुंझुनूं एसपी बनाया गया था, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया और एसओजी एसपी के पद पर ही बने रहे। अब सोनवाल को करौली एसपी की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे झुंझुनूं में लंबे समय से खाली पड़े पद पर स्थायीत्व आया है।
इन जिलों के एसपी बदले
सरकार ने जयपुर ग्रामीण, कोटपूतली-बहरोड़, भरतपुर, जोधपुर ग्रामीण, श्रीगंगानगर, सीकर, सवाईमाधोपुर, राजसमंद, फलोदी, पाली, डीग, प्रतापगढ़, ब्यावर, अलवर, नागौर, कोटा शहर, कोटा ग्रामीण, चित्तौड़गढ़, सिरोही, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, झालावाड़, डीडवाना कुचामन, जालौर, धौलपुर, झुंझुनूं, जैसलमेर और बारां समेत 34 जिलों के एसपी बदल दिए हैं।
आरएएस और एपीओ आईपीएस को भी मिली नई जिम्मेदारियां
राजस्थान सरकार ने 142 आरएएस अफसरों के भी तबादले किए हैं, जिनमें से अधिकांश को फील्ड पोस्टिंग दी गई है। इनमें से 74 अफसरों ने हाल ही में प्रशिक्षण पूरा किया है, जिन्हें सहायक कलेक्टर से पदोन्नत कर उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, एपीओ चल रहे तीन आईपीएस अधिकारियों को राज्य सरकार ने नई पोस्टिंग दी है:
- दीपक कुमार को आईजी गृह विभाग
- शरद चौधरी को आईजी पुलिस प्रशिक्षण जयपुर
- अरशद अली को डीआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग जयपुर



