पीएम सूर्यघर और राज्य की 150 यूनिट फ्री योजना का डबल धमाका, जिले में 5.17 मेगावाट बिजली का हो रहा उत्पादन
खास रिपोर्ट: सर्कल न्यूज नेटवर्क
जालोर। 4 फरवरी।
जालोर जिले में अब बिजली का बिल ‘करंट’ नहीं मार रहा, बल्कि सौर ऊर्जा की रोशनी से घर जगमगा रहे हैं। केंद्र की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और राज्य सरकार की 150 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना के तालमेल ने जिले के मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों की किस्मत बदल दी है। अब तक जिले के 1345 घरेलू उपभोक्ताओं ने अपने घर की छतों पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल को शून्य कर दिया है।

आंकड़ों में जिले की सौर क्रांति
जोधपुर डिस्कॉम जालोर के अधीक्षण अभियंता निमेन्द्रराज सिंह ने बताया कि जिले में अब तक कुल 5.17 मेगावाट क्षमता के रूफ-टॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। सरकार की ओर से पारदर्शिता के साथ अब तक 8.46 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे उपभोक्ताओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
डबल फायदा: केंद्र और राज्य सरकार की बड़ी राहत
इस योजना की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें केंद्र और राज्य दोनों सरकारों का सहयोग मिल रहा है। उपभोक्ताओं को न केवल सोलर लगाने पर सब्सिडी मिल रही है, बल्कि राज्य सरकार की 150 यूनिट फ्री बिजली योजना का लाभ भी साथ मिल रहा है। इससे अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर उपभोक्ता अब कमाई भी कर रहे हैं।

किसे कितनी मिलेगी वित्तीय सहायता? (एक नजर में)
| क्षमता (KW) | केंद्र की सब्सिडी | राज्य की सहायता | कुल फायदा |
| 1 किलोवाट | ₹33,000 | ₹17,000 | ₹50,000 |
| 2 किलोवाट | ₹60,000 | ₹17,000 | ₹77,000 |
| 3 किलोवाट या अधिक | ₹78,000 | ₹17,000 | ₹95,000 |
अधीक्षण अभियंता की अपील
अधीक्षण अभियंता निमेन्द्रराज सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे pmsuryaghar.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक बोझ कम करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन में भी सहायक है।



