मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह
रानीवाड़ा: निकटवर्ती स्वामी श्री आत्मानंद सेवा संस्थान 'वात्सल्यधाम' में शनिवार को एक प्रेरक माहौल देखने को मिला, जब यहां बच्चों के बीच आईपीएस शरण गोपीनाथ कांबले पहुंचे। संस्थान के अध्यक्ष प्रागाराम पुरोहित और विद्यालय निदेशक अमृत पुरोहित ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान आईपीएस कांबले ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में सफलता पाने के लिए महत्वपूर्ण मंत्र दिए, जिनसे बच्चों में नया उत्साह और जोश भर गया।

आईपीएस कांबले ने बच्चों से कहा, “सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत ही वह एकमात्र रास्ता है, जो आपको आपके लक्ष्य तक पहुंचा सकता है।“ उन्होंने जोर देकर कहा कि हर छात्र को अपनी प्रतिभा, क्षमता और रुचि के अनुसार अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने यह भी सलाह दी कि सिर्फ किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि देश-दुनिया में क्या हो रहा है, इसकी जानकारी भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र एक अच्छा माध्यम है और हर किसी को अपनी दिनचर्या में इसे पढ़ने का समय जरूर शामिल करना चाहिए।
बच्चों को समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए उन्होंने कहा कि सुबह जल्दी उठने और रात में समय पर सोने की आदत मन और शरीर दोनों को स्वस्थ रखती है। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन का पालन करना बेहद जरूरी है, क्योंकि नियम और संयम ही सफलता की नींव रखते हैं। आईपीएस कांबले ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हिम्मत कभी नहीं हारनी चाहिए। कड़ी मेहनत और पक्के इरादे से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

इस अवसर पर, उन्होंने संस्थान का भी दौरा किया और वहां रह रहे बेसहारा बच्चों से बात की। उन्होंने बच्चों को दी जा रही शिक्षा और पारिवारिक माहौल की सराहना की और इसे एक नेक कार्य बताया। इस कार्यक्रम में हॉस्टल वार्डन डिंपल आचार्य, ऋषभ आचार्य, केराराम चौधरी, भंवरलाल गोयल सहित अध्यापक-अध्यापिकाएं और वात्सल्यधाम के छात्र मौजूद थे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां