रानीवाड़ा, सर्कल न्यूज़ नेटवर्क। जालोर जिले के रानीवाड़ा विधानसभा मुख्यालय पर आज 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उपखंड अधिकारी सुनील कुमार जाट ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर देशभक्ति का माहौल देखने लायक था, जहां बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
मुख्य कार्यक्रम में विधायक रतन देवासी, पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल, वृताधिकारी भवानी सिंह इंदा, तहसीलदार हनुमत सिंह देवड़ा सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।
विकास कार्यों पर रही चर्चा

इस मौके पर विधायक रतन देवासी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है और इस दिन राजनीति से हटकर सिर्फ राष्ट्र के नाम संदेश देना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। वहीं, पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने दांतवाडा-करडा के बीच 220 केवी विद्युत स्टेशन की स्वीकृति, करडा में सहायक अभियंता कार्यालय का शुभारंभ, जसवंतपुरा में राजकीय महाविद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय की शुरुआत जैसी उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही, उन्होंने नर्मदा पेयजल योजना में अतिरिक्त ढाणियों को जोड़ने के लिए 36 करोड़ रुपए की स्वीकृति का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम के अंत में उपखंड अधिकारी सुनील कुमार जाट ने सभी का आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। क्षेत्र के सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां