गोलासन/सांचोर
दहेज हत्या के आरोप में गोलासन की मृतक हंसा पुरोहित (पति राजूराम गोलासन) के ससुर हिराराम पुत्र भेमाजी पुरोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आईपीएस शरण गोपीनाथ काम्बले, सहायक पुलिस अधीक्षक सांचोर की टीम द्वारा 1 जून 2025 को आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी में रखा गया है।
हंसा पुरोहित को लेकर यह मामला गत 25 मई को तब सामने आया था, जब उसकी तबीयत बिगड़ने की खबर मायके वालों तक पहुँची। हालांकि, पुलिस जांच से पहले ही, समाज और राजनीतिक दबाव में हंसा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार ने आरोप लगाया था कि हंसा को दहेज के लिए तीन वर्षों से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या की गई, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को हत्या के तौर पर देखा जा रहा है और सभी संदिग्धों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब तक हंसा के ससुर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पति, सास और ननद पर भी जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि दहेज हत्या जैसे अपराधों पर कड़ी नकेल कसने के लिए सघन जांच की जा रही है।
परिवार ने एक बार फिर न्याय की मांग की है और आरोप लगाया है कि घटना को छिपाने और सबूत मिटाने के लिए अंतिम संस्कार जल्दबाजी में कर दिया गया।
अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में जुट गई है और आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं। समाज और परिवार के सदस्य न्याय की मांग कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।
FIRरिपोर्ट: कमलेश कुमार पुरोहित



