उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने किया पोस्टर विमोचन; मोबाइल की लत छुड़ाकर बच्चों को पारंपरिक खेलों से जोड़ेगा प्रभाकर सेवा संस्थान
जयपुर/रानीवाड़ा | 13 मार्च, 2026
आज के डिजिटल दौर में जहाँ बचपन मोबाइल की स्क्रीन में सिमटता जा रहा है, वहीं रानीवाड़ा के प्रभाकर सेवा संस्थान ने नई पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने का बीड़ा उठाया है। संस्थान के महत्वाकांक्षी अभियान ‘खेलो मारवाड़’ का शुक्रवार को जयपुर में विधिवत शुभारंभ हुआ। राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने अभियान के पोस्टर का विमोचन कर इस सकारात्मक पहल की सराहना की।

अभियान की मुख्य कड़ियाँ: खेलेंगे बच्चे, बढ़ेगा मारवाड़
संस्थान के फाउंडर अमृत पुरोहित ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह अभियान आगामी चार महीनों तक चलेगा। इसके तहत प्रमुख कार्य किए जाएंगे:
- निःशुल्क खेल सामग्री: स्कूली बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए संस्थान द्वारा फ्री खेल किट वितरित किए जाएंगे।
- खेल बैंक की स्थापना: शुरुआती चरण में चुनिंदा आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘खेल बैंक’ बनाए जाएंगे, जहाँ बच्चों के लिए खेलों के संसाधन उपलब्ध होंगे।
- मोबाइल के दुष्प्रभावों पर वार: सेमिनार के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को मोबाइल स्क्रीन के बढ़ते समय (Screen Time) से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
- पारंपरिक खेलों को बढ़ावा: आधुनिक चकाचौंध के बीच लुप्त होते जा रहे मारवाड़ के पारंपरिक खेलों के प्रति बच्चों का रुझान बढ़ाया जाएगा।

उपमुख्यमंत्रियों ने बताया ‘वरदान’
पोस्टर विमोचन के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस पहल को अभिनव बताते हुए कहा कि बच्चों को प्राकृतिक जीवन की ओर ले जाना समय की मांग है। वहीं डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली बच्चों के लिए यह अभियान किसी वरदान से कम साबित नहीं होगा।
शारीरिक और मानसिक विकास पर जोर
अमृत पुरोहित ने कहा, “खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एकाग्रता और आत्मिक शांति का मार्ग है। आज लोग प्राकृतिक जीवन से दूर भाग रहे हैं, जो चिंता का विषय है। हमें अपनी प्राचीन सभ्यता और खेल संस्कृति की ओर लौटना होगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संस्थान न केवल बच्चों, बल्कि युवाओं और महिलाओं को भी इन गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करेगा।
गरुड़ उपस्थिति: इस गरिमामय अवसर पर जालोर की पूर्व विधायक अमृता मेघवाल, पूर्व तहसीलदार बदरिदान चारण और ऋषभ आचार्य सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क के लिए जयपुर से गुमान सिंह राव की रिपोर्ट।



