इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में जारी भारी व्यवधान और यात्रियों की बढ़ती नाराजगी के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा हस्तक्षेप किया है। नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने आज स्पष्ट किया कि सरकार ने स्थिति को संभालने के लिए डीजीसीए के 'उड़ान ड्यूटी समय सीमा' (FDTL) आदेशों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। सरकार का दावा है कि इससे अगले 3 दिनों में विमान सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी।
यात्रियों के लिए 5 बड़ी राहतें: नागर विमानन मंत्रालय ने यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरलाइंस को सख्त निर्देश जारी किए हैं:
- ऑटोमैटिक रिफंड: अब रिफंड के लिए यात्रियों को अनुरोध नहीं करना पड़ेगा। फ्लाइट कैंसिल होने पर एयरलाइन को स्वतः (Automatically) पूरा पैसा वापस करना होगा।
- होटल और खानपान: लंबी देरी (Long Delays) होने पर यात्रियों के ठहरने के लिए होटल की व्यवस्था एयरलाइन को करनी होगी। साथ ही, फंसे हुए यात्रियों को जलपान भी दिया जाएगा।
- वरिष्ठ नागरिकों को VIP सुविधा: बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को भीड़ में परेशान नहीं होना पड़ेगा, उन्हें लाउंज की सुविधा और विशेष सहायता दी जाएगी।
- नियमों में ढील: पायलटों और क्रू की कमी को पूरा करने के लिए FDTL (ड्यूटी टाइम लिमिट) के नियम फिलहाल हटा दिए गए हैं, ताकि ज्यादा स्टाफ उपलब्ध हो सके। हालांकि, सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
- 24x7 कंट्रोल रूम: सरकार ने निगरानी के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं- 011-24610843, 011-24693963।
कब सामान्य होंगे हालात? मंत्री नायडू ने आश्वासन दिया है कि कल तक उड़ान कार्यक्रम स्थिर (Stable) होने लगेंगे और अगले तीन दिनों के भीतर इंडिगो की सेवाएं पूरी तरह से पटरी पर लौट आएंगी।
उच्च स्तरीय जांच के आदेश सरकार ने इंडिगो में हुई इस गड़बड़ी की 'हाई लेवल जांच' के आदेश दे दिए हैं। यह पता लगाया जाएगा कि सिस्टम में कहाँ चूक हुई और इसके लिए किसकी जवाबदेही बनती है, ताकि भविष्य में यात्रियों को दोबारा ऐसी फजीहत न झेलनी पड़े।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां