CLG बैठक में पुलिस व समाज के बीच बनेगा साझा संकल्प, नशा और तस्करी के खिलाफ उठेगी सामूहिक आवाज
रानीवाड़ा। राजस्थान पुलिस के जोधपुर रेंज के आईजी विकासकुमार नशे के खिलाफ एक निर्णायक और भागीरथ प्रयास के तहत आज शनिवार शाम 5 बजे रानीवाड़ा पुलिस थाने का दौरा करेंगे। इस दौरान वे सीएलजी सदस्यों सहित क्षेत्र के गणमान्य और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक कर नशामुक्ति को लेकर समाज की सक्रिय भागीदारी का आह्वान करेंगे।
IG विकासकुमार का स्पष्ट संदेश है—“अब नशे के कारोबार की रीढ़ तोड़नी है। हर तस्कर सलाखों के पीछे होगा और समाज को इस दलदल से निकालना हमारी प्राथमिकता है।”

पुलिस व समाज एक मंच पर
बैठक के दौरान आईजी के साथ जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव, उपाधीक्षक भवानीसिंह इंदा तथा थानाधिकारी दीपसिंह चौहान भी उपस्थित रहेंगे। यह बैठक न केवल पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करेगी, बल्कि नशे के विरुद्ध एक साझा मोर्चा बनाने का अवसर भी बनेगी।
थाना निरीक्षण और संवाद के बाद कार्य योजना
एसपी यादव ने जानकारी दी कि आईजी विकासकुमार बैठक के बाद रानीवाड़ा थाना परिसर का बारिकी से निरीक्षण करेंगे और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लेंगे। इसके अलावा थाना क्षेत्र में चल रही गतिविधियों और अपराध नियंत्रण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।
एक सख्त संदेश, एक सकारात्मक शुरुआत
राज्य में नशे और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों को नया बल देने के उद्देश्य से रानीवाड़ा में यह दौरा प्रेरणादायी और रणनीतिक माना जा रहा है। स्थानीय पुलिस प्रशासन और समाज के बीच समन्वय से ही इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सकता है, ऐसा विश्वास इस पहल से झलकता है।
उम्मीद की जा रही है कि रानीवाड़ा की यह बैठक मारवाड़ क्षेत्र में नशामुक्ति के अभियान को नई दिशा देगी और एक सामूहिक संकल्प के साथ एक नया अध्याय शुरू होगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां