मालवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा देशभर में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त भारत' अभियान के तहत मालवाड़ा के मयूराक्षी स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

ब्रह्माकुमारी सुनीता बहन और मालती बहन ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन और आत्मा को भी कमजोर करता है। उन्होंने राजयोग और सकारात्मक सोच के माध्यम से नशे की लत को छोड़ने के तरीके बताए और कहा कि मानसिक शांति और आत्मनिर्भरता ही नशे से मुक्ति का सही रास्ता है।
मयूराक्षी स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने इस पहल की सराहना की और कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने में ऐसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन ब्रह्माकुमारी संस्थान के साथ मिलकर भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम में स्कूल के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर 'नशा मुक्त भारत' बनाने का संकल्प लिया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां