पीड़ित ने करड़ा थाना में दर्ज करवाई रिपोर्ट, हमलावरों की तलाश जारी
सिलासन गांव में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव निवासी खेमा राम पुत्र तगा राम ने करड़ा थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि पहले उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, और फिर रात में उनके घर पर डीजल से भरी बोतलों से हमला किया गया।
प्रार्थी के अनुसार, 14 जून की शाम करीब 6:15 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने 8296110128 नंबर से कॉल कर धमकी दी कि उनका भाई मुकेश किसी महिला को लेकर गया है और उसे लौटाने की बात कहने लगा। इनकार करने पर उक्त व्यक्ति ने परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

रात करीब 12 बजे खेमा राम के निवास पर डीजल से भरी 5-6 बोतलों को आग लगाकर फेंका गया, जिससे घर की बाड़, बिस्तर, गेहूं की बोरी, खाट, माड़, पंखा और ट्यूबलाइट जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। हमला होते ही परिवार के सदस्य घबराकर बाहर भागे और जैसे-तैसे आग पर काबू पाया।
घटना के बाद खेमा राम ने देखा कि 3-4 लोग भागते हुए थोड़ी दूर खड़ी एक कार में सवार होकर फरार हो गए। उन्हें पूरा विश्वास है कि यह हमला उसी कॉल करने वाले व्यक्ति द्वारा करवाया गया है।

करड़ा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मोबाइल नंबर के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है। गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां