सर्कल न्यूज नेटवर्क | जोधपुर/जालोर।
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 बॉयज क्रिकेट चैंपियनशिप 2025-26 में जालोर के नन्हे रणबांकुरों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जोधपुर के एंजेल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक लीग मुकाबले में जालोर अंडर-14 टीम ने बांसवाडा को 2 विकेट से शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का जालोर का फैसला मास्टर स्ट्रोक साबित हुआ।
प्रियांशु की फिरकी में उलझा बांसवाडा, 118 पर ढेर
जालोर के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही बांसवाडा के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। प्रियांशु बिश्नोई सोमकल्याण ने कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए विरोधी टीम की कमर तोड दी। प्रियांशु ने अपने 10 ओवर के स्पेल में महज 29 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनका साथ देते हुए सौरव गोयल ने 7 ओवर में केवल 10 रन खर्च कर 2 विकेट चटकाए, जबकि सचिन बिश्नोई ने 10 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। जालोर की इस घातक गेंदबाजी के सामने बांसवाडा की पूरी टीम 38 ओवर में 118 रनों पर सिमट गई।
रोमांचक मोड पर जीती बाजी
119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालोर टीम की शुरुआत लडखडा गई और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए, जिससे मैच में रोमांच पैदा हो गया। हालांकि, मध्यक्रम ने धैर्य का परिचय दिया। नितेश ने 18 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत में जब मैच फंसा हुआ था, तब अनूप चौधरी ने नाबाद 13 और सौरव गोयल ने नाबाद 8 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। जालोर ने 35.1 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही जालोर टीम ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।



