रानीवाड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर, भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में ‘सेवा पखवाड़ा’ का आयोजन किया है। इसी कड़ी में रानीवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भाजपा मंडल रानीवाड़ा के तत्वावधान में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस आयोजन के दौरान, रक्तदान शिविर के साथ-साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक और भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नारायणसिंह देवल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

सेवा कार्यों से दिया समाज सेवा का संदेश
पूर्व विधायक नारायणसिंह देवल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़े के रूप में मनाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सभी मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस दौरान, भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
भाजपा मंडल रानीवाड़ा के अध्यक्ष, एडवोकेट रमेश चौधरी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार खंडेलवाल, हीरालाल सारस्वत, करडा मंडल अध्यक्ष प्रकाश जांगू, सांकड मंडल अध्यक्ष चंदनसिंह, मंडल महामंत्री गोविंद रावल, मंडल उपाध्यक्ष भीखाराम चौधरी, गोदाराम चौधरी, भगवानसिंह पुर सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



