सर्कल न्यूज नेटवर्क
भीनमाल। पूर्व राज्य मंत्री पुखराज पाराशर के बुधवार को भीनमाल प्रवास के दौरान जहां एक ओर सामाजिक सरोकार की झलक देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर स्थानीय राजनीति में भी गर्माहट नजर आई। पाराशर ने नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुप्ता के आवास पहुंचकर उनके दिवंगत पिता बंशीलाल गुप्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।

शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
भीनमाल पहुंचने पर पूर्व राज्य मंत्री सीधे पालिका अध्यक्ष मनोज गुप्ता के निज निवास पहुंचे। वहां उन्होंने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। पाराशर ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि जीवन में पितृतुल्य साया उठना अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। उन्होंने पूरे गुप्ता परिवार को इस कठिन समय में संबल और धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

'कम संख्या बल के बावजूद दिखाया दम'
सामाजिक दायित्व के निर्वहन के बाद पाराशर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमराज बोहरा के कार्यालय पहुंचे, जहां स्थानीय कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां आयोजित अनौपचारिक बैठक में हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनाव के नतीजों और संगठन की स्थिति पर गंभीर मंथन हुआ। पाराशर ने निकाय चुनावों की समीक्षा करते हुए पूर्व नपा अध्यक्ष प्रेमराज बोहरा और समस्त कार्यकर्ताओं की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि संख्या बल कम होने और सीमित संसाधनों के बावजूद जिस मजबूती व एकजुटता के साथ कांग्रेस ने मुकाबला लड़ा, वह पार्टी की जमीनी ताकत को दर्शाता है। विपरीत परिस्थितियों में डटकर मुकाबला करना ही कार्यकर्ताओं की असली पहचान है।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का रहा जमावड़ा
इस मौके पर राजनीतिक चर्चाओं के साथ आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश देवासी, सुनील मेहता, एडवोकेट भगवानाराम बिश्नोई, भेरूसिंह दासपा, बलवंत राव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र के विकास और आगामी दिनों में जनहित के मुद्दों को लेकर पुरजोर तरीके से सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां