वारदात में इस्तेमाल गाड़ियों की बरामदगी के लिए पुलिस ने कोर्ट से लिया 18 मई तक का पीसी रिमांड, अन्य आरोपियों की तलाश तेज
सांचौर। जमीन विवाद को लेकर स्कोर्पियो और स्विफ्ट गाड़ियों से कुचलकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में सांचौर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 18 मई 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया है।
प्लॉट विवाद में गाड़ियों से रौंदने की हुई थी कोशिश
पुलिस के अनुसार सांचौर थाना क्षेत्र के हरियाली स्थित एक आबादी प्लॉट के विवाद को लेकर 12 मई 2026 को आरोपियों ने परिवादी और उसके साथियों पर जान से मारने की नीयत से खतरनाक तरीके से स्कोर्पियो और स्विफ्ट गाड़ियां चढ़ा दी थीं। इस जानलेवा हमले में पीड़ितों को गंभीर चोटें आईं। इस संबंध में पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर सांचौर थाने में 13 मई 2026 को मुकदमा संख्या 198/2026, धारा 329(3), 115(2), 109(2), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
जालौर एसपी के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई
जालौर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सांचौर) आवड़दान रतू और वृत्ताधिकारी (वृत्त सांचौर) जयराम मुंढेल के सुपरविजन में थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम के सदस्य सहायक उपनिरीक्षक पूनाराम और जाब्ते ने खुफिया तंत्र और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक कुमार विश्नोई (उम्र 26 वर्ष, निवासी भड़कुआ, हरियाली, थाना झाब) को दस्तयाब किया। पूछताछ और तफ्तीश के बाद आरोपी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
रिमांड पर आरोपी, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अशोक कुमार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे 18 मई 2026 तक पीसी रिमांड पर सौंपने के आदेश दिए गए। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई स्कोर्पियो और स्विफ्ट गाड़ियों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। वहीं, वारदात में शामिल शेष आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक पूनाराम, कांस्टेबल गणपतलाल, कांस्टेबल मांगीलाल, कांस्टेबल गोगाराम, कांस्टेबल प्रकाश, कांस्टेबल ओमप्रकाश और कांस्टेबल सोहनलाल (थाना सांचौर) शामिल रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां