भीनमाल थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन नशाविहान’ के तहत एक शादी समारोह में नशे की मनुहार करते हुए वायरल वीडियो के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। यह घटना ग्राम निम्बावास में 18 अप्रैल 2025 को हुई, जहाँ एक शादी समारोह के दौरान प्रतिबंधित मादक पदार्थ अफीम का सेवन और परोसने का मामला सामने आया।
जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस श्री विकासकुमार के निर्देशानुसार, जिला पुलिस अधीक्षक जालोर श्री ज्ञानचन्द्र यादव के निर्देशन में इस मामले की जांच शुरू की गई। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सफेद कमीज, धोती और साफा पहने हुए, स्टील की केतली से प्लास्टिक कप और बोतलों में अफीम का नशीला पेय परोसते हुए देखा गया।
जांच में पता चला कि यह घटना महेन्द्रसिंह पुत्र सोहनसिंह राणावत के घर उनके पुत्र श्रवणसिंह की शादी के दौरान हुई। आयोजनकर्ता महेन्द्रसिंह, मनुहारकर्ता बाबुसिंह और सेवनकर्ताओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/27 और 28 के तहत प्रकरण संख्या 139/2025 दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी श्री अन्नराजसिंह राजपुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी श्री रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यवाही की। मामले की आगे की जांच बागोडा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना है।



