भीनमाल विधायक डॉ समरजीत सिंह और प्रभारी सुमन यादव ने भरी हुंकार; कहा- “गरीबों के हक पर कुठाराघात कर रही भाजपा सरकार”
भीनमाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार को भीनमाल विधानसभा क्षेत्र के निंबावास गांव में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम जन आंदोलन’ के तहत एक विशाल बैठक और विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने और इसे बंद करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया।
भाजपा सरकार पूंजीपतियों की हितैषी: सुमन यादव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव और जालौर जिला प्रभारी सुमन यादव ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से पूंजीपतियों की सरकार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने ग्रामीण गरीबों को रोजगार की गारंटी देने के लिए मनरेगा शुरू की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इस बजट में कटौती कर और रोड़े अटकाकर गरीबों के मुंह से निवाला छीनने का काम किया है।
रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर रही सरकार: डॉ समरजीत सिंह भीनमाल विधायक डॉ समरजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस शासन की योजनाओं के नाम बदलने और उन्हें बंद करने में ही अपनी ऊर्जा लगा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मनरेगा को कमजोर करने से ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बेरोजगारी और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक गरीबों की इस लड़ाई को लड़ेगी।
गांव-गांव तक पहुंचेगी आंदोलन की गूंज: रमिला मेघवाल जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा रमिला मेघवाल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों के साथ हो रहे इस अन्याय की बात कांग्रेस पार्टी हर बूथ और हर ढाणी तक ले जाएगी। उन्होंने आगामी पंचायत और नगरीय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता इस जनविरोधी सरकार को जबरदस्त सबक सिखाएगी।
ये रहे उपस्थित: इस दौरान महंत अमृतनाथ महाराज, ब्लॉक अध्यक्ष जीवसिंह, पूर्व प्रधान देराम बिश्नोई, युवा नेता गणपत ढाका, जिला सचिव दिनेश बंजारा, गजेसिंह कावतरा, रिडमलसिंह राठौड़, तोलसिंह, पताराम देवासी, पूनमसिंह, हरिसिंह, अमराराम मेघवाल, शिवनाथसिंह और जबरसिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।



