सिरोही/जोधपुर। (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क)। राजस्थान पुलिस ने राज्य में अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मार्वल चेकपोस्ट पर एक कार से लगभग 45.6 किलोग्राम चांदी और ₹10 लाख की नकदी जब्त की है। यह कार्रवाई सिरोही एसपी के निर्देश पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई, जिसमें एक जोधपुर निवासी तस्कर को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अमीरगढ़ के निकट स्थित राजस्थान मार्वल चेकपोस्ट पर गहन चेकिंग चल रही थी। उसी दौरान, गुजरात की तरफ से आ रही एक गुजरात पासिंग कार को शक के आधार पर रोका गया।
गुप्त खाना बनाकर ले जा रहा था माल
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें एक गुप्त खाना मिला। इस गुप्त खाने से ही भारी मात्रा में 45.600 किलोग्राम चांदी और ₹10 लाख नकद बरामद किए गए। कार चालक की पहचान जोधपुर निवासी मिश्रीलाल नारायणलाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मिश्रीलाल से जब चांदी और नकदी के संबंध में कोई बिल या वैध दस्तावेज माँगे गए, तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे यह माल गैरकानूनी साबित हुआ। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से चांदी, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर लिया है।
फिलहाल, कार चालक मिश्रीलाल को हिरासत में लेकर उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है कि यह अवैध चांदी और नकद राशि कहाँ से लाई गई थी और इसे गुजरात में कहाँ पहुँचाया जाना था। पुलिस इस पूरे रैकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।



