धानेरा (बनासकांठा)। अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धानेरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को लावारा चेकपोस्ट पर की गई सघन वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम लावारा चेकपोस्ट पर नियमित वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मगरावा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन (नं. RJ 04 TA 6413) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में कुल 1440 बोतल देशी शराब पाई गई, जिसकी बाजार कीमत ₹3,07,930 आंकी गई है।
वाहन में मौजूद दोनों व्यक्तियों की पहचान रमेशकुमार सांगाराम राव (निवासी – नवा सोमसरा, तहसील बालोतरा, जिला बाड़मेर) एवं रतनाराम कुंभाराम गोदारा (निवासी – नौसर, तहसील बालोतरा, जिला बाड़मेर) के रूप में हुई है। जांच के दौरान उनके कब्जे से कुल ₹11,47,930 की नकदी भी जब्त की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है तथा वाहन और अवैध शराब को कब्जे में लेकर अबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब की खेप गुजरात में खपाने की योजना कबूल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को शराब तस्करी पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुट गई है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां