रोडवेज बस स्टैंड पर युवतियों पर फब्तियां कसने और अश्लील इशारे करने का आरोप; कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की बड़ी कार्रवाई
सांचौर। क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी (वृत्त सांचौर) जयराम मुंढेल के निकटतम सुपरविजन में 'महिला सुरक्षा संकल्प' के तहत एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सांचौर थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, बस स्टैंड और स्कूल-कॉलेजों के आस-पास संवेदनशील इलाकों में मनचलों के खिलाफ 'डिकॉय ऑपरेशन' चलाया गया।
सादे कपड़ों में तैनात थी महिला पुलिस
ऑपरेशन के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सांचौर की महिला पुलिस कर्मियों को सादे वस्त्रों में तैनात किया गया था, ताकि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके। इस दौरान टीम को रोडवेज बस स्टेशन पर दो युवक आते-जाते समय बालिकाओं और महिलाओं पर फब्तियां कसते और अश्लील इशारे करते हुए मिले। महिला पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत दोनों को डिटेन कर लिया।
बीएनएसएस की धाराओं में कार्रवाई
पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 126 और 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम व पता:
- महेन्द्र भाट (उम्र 28 साल), पुत्र अमृतजी भाट, निवासी: इंदिरा कॉलोनी, सांचौर (थाना सांचौर)।
- प्रकाश कुमार (उम्र 32 साल), पुत्र दीपाजी वादी, निवासी: मालियों की ढाणी, सांचौर (थाना सांचौर)।
इस टीम ने की त्वरित कार्रवाई
मनचलों को दबोचने और इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली कालिका पेट्रोलिंग यूनिट टीम में महिला कानिस्टेबल संख्या 1083 श्रीमती इंदिरा एवं महिला कानिस्टेबल संख्या 946 श्रीमती जमुना शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिलाओं से अभद्रता करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां