सर्कल न्यूज़ नेटवर्क सांचौर। अवैध शराब तस्करी के मामले में पिछले 8 साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी और ट्रेलर मालिक को सांचौर पुलिस ने हरियाणा के भिवानी से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए एक सुनसान फार्म हाउस में पलंग (बेड) के बॉक्स के अंदर छुपकर कपड़ों के नीचे दुबक गया था, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसकी चालाकी को नाकाम करते हुए उसे दबोच लिया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रत्नू के निर्देशन, वृत्ताधिकारी जयराम मुंडेल के सुपरविजन और सांचौर थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
क्या था मामला?
दिनांक 13 अक्टूबर 2018 को पुलिस जाब्ते ने सरहद साकड़ से एक ट्रेलर कंटेनर (HR 55 SR 3672) को रुकवाया था। तलाशी लेने पर उस कंटेनर के भीतर पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 1006 कार्टन अवैध रूप से भरे पाए गए थे। पुलिस ने शराब जब्त कर मामला दर्ज किया था। इस घटना के बाद से ही वाहन का मालिक संदीप लगातार फरार चल रहा था। लंबे समय से फरार होने के कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
15 दिन तक हरियाणा में डाला डेरा, पलंग के बॉक्स से निकला आरोपी
इनामी बदमाश को पकड़ने के लिए सांचौर पुलिस की एक विशेष टीम ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हरियाणा के भिवानी क्षेत्र में लगातार 15 दिनों तक डेरा डाला। टीम ने स्थानीय स्तर पर अपनी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी और आरोपी की दिन-रात कड़ी रेकी व निगरानी की। सटीक इनपुट मिलने पर सांचौर पुलिस ने स्थानीय हरियाणा पुलिस के सहयोग से चरखी दादरी क्षेत्र में स्थित एक सुनसान फार्म हाउस पर अचानक दबिश दी। पुलिस को अचानक सामने देख आरोपी संदीप कमरे में रखे बेड (पलंग) के बॉक्स के अंदर घुस गया और ऊपर से कपड़े डाल लिए ताकि किसी को शक न हो। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कमरे की गहन तलाशी ली और बेड के अंदर कपड़ों के नीचे छिपे आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया।
आरोपी का पूरा नाम और पता
- नाम: संदीप
- पिता का नाम: मीरसिंह
- जाति: जाट
- निवासी: उत्तम नगर, लोहारू रोड, भिवानी, हरियाणा
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में सांचौर थानाधिकारी नेमाराम, वृत्त कार्यालय सांचौर के कांस्टेबल घम्माराम, डीसीआरबी जालौर के हेड कांस्टेबल किशन, हरियाणा पुलिस के सीआईए चरखी दादरी प्रभारी उपनिरीक्षक सतीश और साइबर शाखा चरखी दादरी के सहायक उपनिरीक्षक रमेश कुमार शामिल रहे। इस पूरी कार्रवाई में सांचौर पुलिस थाने के सहायक उपनिरीक्षक हरिराम और कांस्टेबल प्रकाश बुरडक की विशेष भूमिका रही।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां