हर महीने की 10 से 15 तारीख के बीच सरकारी दफ्तरों के बाहर लगेंगे ‘जन समस्या समाधान शिविर’, पूर्व मंत्री का बड़ा ऐलान
सांचौर विधानसभा क्षेत्र की सुलगती जनसमस्याओं और आम जनता की तकलीफों को लेकर पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई के नेतृत्व में एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। क्षेत्र की जनता से जुड़ी गंभीर और मूलभूत समस्याओं को लेकर आक्रोश जताते हुए राज्य सरकार के नाम एक विस्तृत ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलेक्टर, सांचौर के माध्यम से प्रेषित किया गया। इस महाधरने में उमड़ी भारी भीड़ ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सांचौर विधानसभा क्षेत्र की आम जनता वर्तमान में अनेक मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, जिनके समाधान के प्रति सरकार पूरी तरह उदासीन बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट होने के बावजूद देश और प्रदेश में आम जनता को कोई राहत नहीं दी जा रही है और पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतें आम आदमी का बजट बिगाड़ रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से किसानों के लंबित आदान-अनुदान का भुगतान करने, क्षेत्र की अधूरी पड़ी सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने, नर्मदा नहर की सफाई में हुई अनियमितताओं की जांच करने और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नर्मदा नहर की सफाई में भारी घपला हुआ है, इसलिए इसमें हुए कुल खर्च का सार्वजनिक खुलासा किया जाना चाहिए। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर तक नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए।

सांचौर नगरपालिका की खराब सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए नेताओं ने कहा कि पूरे शहर में गंदगी का आलम है। कचरा निस्तारण यार्ड को व्यवस्थित किया जाए तथा आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। इसके अलावा हाल ही में हुए नीट परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में पैर पसार रहे अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग भी प्रमुखता से की गई।
धरने के अंत में पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई ने सरकारी तंत्र की लापरवाही को चुनौती देते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र के हर विभाग के आगे पूर्व की भांति अब हर माह की 10 से 15 तारीख के बीच ‘जन समस्या समाधान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही इन सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो इस आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी स्वयं प्रशासन की होगी।

इस विशाल धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से राव मोहन सिंह चितलवाना, हिन्दू सिंह दूठवा, रामावतार बिश्नोई, महावीर सिंह दांतीया, विजयपाल सिंह सरपंच अगदावा, सूरजन राम बिश्नोई ranoदर, चितलवाना ब्लॉक अध्यक्ष मेवाराम देवासी, मांगीलाल खिलेरी जिला परिषद सदस्य, तालाब खान साकरिया, हुक्माराम लोमरोड़, गणपत सिंह टॉपी, लक्मण जानी डूंगरी, सांचोर शहर मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा, सुखराम खोखर, मोहनलाल जाखल, लालाराम माली ओबीसी प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष सांचौर, गिरधारी सिंह आकोली, केसाराम मेहरा, हनुमानाराम पंवार मालवाड़ा, बीरबल पुनिया, चन्दन सिंह राजपूत विरोल, महेंद्र माली सांचोर, प्रवीण बंगडवा सहित ब्लॉक सांचोर व चितलवाना कार्यकारिणी सदस्य, जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यगण, नगर पालिका पार्षदगण, सरपंचगण सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।



