जालोर, 7 सितम्बर। जवाई बांध की फाटकें खुलने और लगातार बारिश के बाद जवाई नदी उफान पर है। नदी किनारे और प्रवाह क्षेत्र में रहने वाले लोगों को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी बीच रविवार को सायला थाना क्षेत्र के खरल गांव के पास बड़ी घटना टल गई, जब दो युवक चेतावनी के बावजूद जवाई नदी में उतर गए। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई, साथ ही कड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार भी कर लिया।
धारा 126 व 170 में मुकदमा दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मीठाराम पुत्र राणाराम (27) भील जाति और भंवरलाल पुत्र जोगाराम (26) मेघवाल जाति निवासी खरल के रूप में हुई है। दोनों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 126 व 170 के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम आरपीएस और वृताधिकारी गौतम जैन की सुपरविजन में थाना सायला प्रभारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस अलर्ट मोड पर, लाउडस्पीकर से लगातार चेतावनी
जिले में भारी बारिश और जवाई नदी के प्रवाह को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। लाउडस्पीकर से लगातार आमजन को समझाइश दी जा रही है कि वे नदी क्षेत्र में न जाएं, बच्चों को बाहर न भेजें और बहते पानी में वाहन चलाकर जोखिम न लें।
जानकारी और आपातकालीन नम्बर
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संपर्क करें। जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष – 02973-222216, 02973-222525 और पुलिस नियंत्रण कक्ष – 7727050726 पर तत्काल जानकारी दें।
सख़्त चेतावनी – लापरवाही अब नहीं बर्दाश्त होगी
प्रशासन ने कहा है कि जवाई नदी के किनारे लापरवाहियां अब कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। चेतावनियों के बावजूद नदी में उतरने वालों पर अब कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां